सोनीपत। निर्वाचन आयोग ने डिजिटल मतदाता पहचान पत्र या इलेक्ट्रॉनिक इलेक्टोरल फोटो आईडी कार्ड (ई-ईपीआईसी) की सुविधा शुरु की है। मतदाता की वोटर आईडी कहीं गुम हो गई है या फिर वह वोटर कार्ड की डिजिटल कॉपी सहेज कर रखना चाहता है तो वोटर हेल्पलाइन एप या फिर चुनाव आयोग की वेबसाइट वोटस.ईसीआई.जीओवी.इन से अपना वोटर कार्ड आसानी से मोबाइल या कंप्यूटर पर डाउनलोड कर सकता है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि नए मतदाता राष्ट्रीय मतदाता पोर्टल ईसीआई.जीओवी.इन पर विजिट कर यह कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। नए यूजर को पहले इस पोर्टल में अपना नाम रजिस्टर करना होगा। अब ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद ई-ईपीआईसी नंबर या फॉर्म रेफरेंस नंबर को दर्ज करें। अब पंजीकृत मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड पासवर्ड (ओटीपी) आएगा। इसके बाद ई-ईपीआईसी डाउनलोड का विकल्प सामने होगा। खास बात यह है कि डिजिटल वोटर कार्ड ई-ईपीआईसी को डिजीलॉकर में अपलोड किया जा सकता है। इसके अलावा इसे प्रिंट भी करवाया जा सकता है।