अग्निपथ योजना के तहत भर्ती की तैयारियों में जुटे युवा।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवा अब विरोध से दूर होकर तैयारियों में जुटे गए हैं। सेना में भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही युवाओं में पंजीकरण करवाने की होड़ लग गई है। बड़ी संख्या में युवा वायु सेना, जल सेना, कोस्ट कार्ड व आर्मी के लिए पंजीकरण करवा रहे हैं। युवाओं का कहना है कि अब सेना में भर्ती होकर चार साल के लिए ही सही, देशसेवा करने का मौका तो मिलेगा।
सरकार ने युवाओं को सशक्त बनाने व देशसेवा का मौका देते हुए अग्निपथ योजना शुरू की है। जिसके तहत युवाओं को सेना में चार साल के लिए नौकरी दी जाएगी। चार साल के बाद 75 फीसदी युवाओं को सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा। जबकि 25 फीसदी युवाओं को सेना में रखा जाएगा। सरकार की इस योजना के विरोध में देशभर में धरने-प्रदर्शन हुए। जाम लगाने, पुलिस पर पथराव व बड़े विरोध के बावजूद सरकार ने इस योजना को लागू करते हुए भर्ती खोल दी है। युवाओं का विरोध भी धीरे-धीरे शांत हो रहा है। युवा अब विरोध से दूर होकर तैयारियों में जुट गए हैं। सेना में भर्ती की तैयारियों के तहत युवा तड़के दौड़ लगाने, व्यायाम करने सहित अन्य गतिविधियों का अभ्यास करने लगे हैं। जिले से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होने का सपना संजोकर वर्षों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। युवाओं का कहना है कि सेना में भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से राहत मिली है। वे अब जल्द से जल्द आवेदन करेंगे और अपनी तैयारियां पुख्ता रखेंगे।
बोले युवा
सरकार की अग्निपथ योजना युवाओं के मार्गदर्शन के लिए सही है। प्रदेश में बेरोजगारी अपने चरम पर है। अग्निपथ योजना से युवा चार साल नौकरी कर सकता है। जिससे नौकरी करने वाला अग्निवीर नशे से भी बचा रह सकता है। नौकरी करके युवा 4 साल में अपना अच्छा बैंक बैलेंस कर सकता है। यही मौका है, जब देश का युवा चार साल सेना में भर्ती होकर अपना जुनून दिखा सकता है।
योगेश, छतेहरा
--
सेना में भर्ती होने के लिए अढ़ाई साल से तैयारी कर रहा हूं। कोरोना काल से पहले सेना में भर्ती होने के लिए पेपर दिए हैं। जिनका अभी परिणाम नहीं आया है। अब सरकार अग्निपथ योजना के तहत मात्र 4 साल के लिए सेना में भर्ती कर रही है। अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती नहीं होना चाहता। अन्यथा 4 साल बाद फिर से रोजगार की तलाश करनी पड़ेगी। अब किसी अन्य क्षेत्र में भविष्य की तलाश करूंगा।
दिलबाग, राजगढ़
--
सरकार की अग्निपथ योजना सही है। जल्द ही सेना में भर्ती होने के लिए अपना पंजीकरण करवाऊंगा। योजना के तहत युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। 4 साल सेना में नौकरी करने के बाद सरकार ने प्रदेश में नौकरी देने का वायदा किया है। अगर 25 प्रतिशत अग्निवीरों में शामिल होता हूं तो निरंतर सेना में नौकरी करता रहूंगा। 75 प्रतिशत की संख्या में शामिल हुआ तो प्रदेश में नौकरी कर सकता हूं। हमारे देश में ही नहीं, बल्कि 10-12 अन्य देशों में भी ऐसी योजनाओं से युवाओं को समृद्घ बनाया जा रहा है।
अमन, सोनीपत शहर