सोनीपत। पॉलिथीन पर प्रतिबंध के बाद नगर निगम की टीम शहर में कार्रवाई करने के लिए सक्रिय है। हालांकि दुकानदारों व रेहड़ी वालों को दो दिन की राहत मिली है। वहीं निगम की टीम सोमवार को पॉलिथीन प्रतिबंध को लेकर बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है। सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर दुकानदारों के पास कोई विकल्प नहीं है। इससे दुकानदारों व व्यापार मंडल के सदस्यों में लगातार रोष बढ़ रहा है।
शहर में निगम की कार्रवाई के एक दिन बाद ही दुकानों, सब्जी मंडी व रेहड़ियों पर पॉलिथीन का प्रयोग धडल्ले से किया गया। दुकानदारों ने कहा कि सरकार व प्रशासन पहले पॉलिथीन बनाने वाली फैक्टरियों को बंद करवाए। आमजन को जागरूक किया जाना चाहिए। प्रशासन द्वारा दुकानदारों पर अचानक कार्रवाई करना गलत है। सरकार को पॉलिथीन प्रतिबंध से पहले कोई विकल्प देना चाहिए। वहीं नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पॉलिथीन प्रतिबंध के नियमों की सख्ती से पालना की जाएगी। पॉलिथीन प्रतिबंध को लेकर सोमवार से बड़े स्तर पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों का कहना है कि सरकार का पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय उन्हें भारी पड़ेगा। पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगने के बाद सीधा दुकानदारों की बिक्री पर असर पड़ेगा। इससे उनकी 1 महीने तक बिक्री आधी रह जाएगी। उपभोक्ता बिना पॉलिथीन के सामान लेने से कतराएंगे। ऐसे में दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। वहीं उपभोक्ता दीपक कुमार, सूरज, आरपी रोहिल्ला, हन्नी व गौरव का कहना है कि पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने से पहले दुकानों पर कपड़ों के थैलों की व्यवस्था करवाई जाए। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
------
सोमवार से सब्जी मंडी में नहीं मिलेगी पॉलिथीन
मार्केट कमेटी के सचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार से सब्जी मंडी में पॉलिथीन नहीं मिलेगी। जिसको लेकर दो टीमें गठित की है। ये कमेटी मंडी का निरीक्षण करेगी और इसकी रिपोर्ट कार्यालय में देगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने पॉलिथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। मासाखोर और दुकानदारों को इसके बारे में बताया जा चुका है। लोगों को भी पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने के लिए आगे आना चाहिए। सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए साथ में बैग लेकर आए। लोगों के सहयोग से ही पॉलिथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध लगेगा।
-----
उपभोक्ता बोले-प्रतिबंध से पहले पॉलिथीन निर्माण बंद कराना चाहिए
- सरकार को प्रतिबंध लगाने से पहले फैक्टरियाें में पॉलिथीन निर्माण को बंद करवाना चाहिए। फैक्टरियां चल रही हैं, लेकिन बाजारों में पॉलिथीन रखने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में दुकानदार का शोषण किया जा रहा है। -आरपी रोहिल्ला, उपभोक्ता
-अचानक पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाना सरकार का निर्णय गलत है। प्रतिबंध से पहले जनता को सुझाव देने चाहिए। कपड़े के थैलों को बाजारों में हर दुकान पर लागू करवाना चाहिए। सरकार को पहले पॉलिथीन को बनाने वाली फैक्टरियों को बंद करवाना चाहिए।
-हन्नी, उपभोक्ता
- सरकार का पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने का फैसला सही है। ग्रामीण क्षेत्रों में पॉलिथीन को बंद करवाना आसान है। किसान अपनी सब्जी व सामान को कपड़े की गठरी बनाकर मंडी तक पहुंचा सकता है। इससे किसान का काम चल जाएगा। शहरी क्षेत्रों में लोगों का पॉलिथीन के बिना काम नहीं चलेगा। शहरी क्षेत्र में पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाना कठिन काम रहेगा।
-नरेश, उपभोक्ता
---
दुकानदार बोले-बिक्री पर पड़ेगा असर
पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने से दुकानदार की बिक्री पर असर पड़ेगा। इससे दुकानदार का काम पहले की अपेक्षा आधा रह जाएगा। ऐसे में उपभोक्ताओं को सामान डालने के लिए थैला घर से लाने के लिए कहेंगे तो उपभोक्ता उनकी दुकान पर दोबारा नहीं आएगा। दुकानों पर पॉलिथीन रखने के लिए नगर निगम की ओर से रविवार तक का समय दिया गया है।
-रामपाल, दुकानदार
- सरकार का पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय गलत है। बिना पॉलिथीन के दुकानदार व उपभोक्ताओं का काम नहीं चलेगा। इससे सामान बेचने में दिक्कत आएगी। बिना पॉलिथीन के उपभोक्ता भी दुकान से सामान लेने में कतराएगा। दो अलग सब्जी लेने पर भी उपभोक्ता अलग से पॉलिथीन मांग करते हैं।
-तिलकराज, सब्जी विक्रेता
-------------------------------------------
प्रतिबंध के बावजूद गन्नौर में धड़ल्ले से हो रहा पॉलिथीन का प्रयोग
गन्नौर। केंद्र व राज्य सरकार जहां पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता अभियान पर लाखों रुपये खर्च कर रही है। वहीं पर्यावरण को दूषित करने में सबसे बड़ी कारक पॉलिथीन का प्रयोग शहर के बाजारों व मंडियों में जारी है। नगरपालिका के अधिकारियों के सुस्त रवैये की वजह से पॉलिथीन का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। नपा ने अभियान के तहत खानापूर्ति करते हुए पॉलिथीन रखने वाले दुकानदारों के चालान भी काटे जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी प्रतिबंध पॉलिथीन का प्रयोग बगैर रोक-टोक हो रहा है।
- पॉलिथीन जब्त करने के साथ जुर्माना वसूलेगी नपा
नगर पालिका सचिव प्रदीप खर्ब का कहना है कि पॉलिथीन का प्रयोग पूर्णत: प्रतिबंधित है। पॉलिथीन के प्रयोग को बंद करने के लिए अभियान लगातार जारी है। यदि किसी दुकानदार के पास पॉलिथीन पाई गई तो उसे जब्त करते हुए कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों से आह्वान किया कि वे पॉलिथीन का प्रयोग न करें।