दिल्ली के उद्योगपति की मौत के छह साल बाद अब एचएसआईआईडीसी, राई में उनकी संपत्ति को लेकर विवाद हो गया है। उद्योगपति की पत्नी ने एक महिला पर उनके पति से शादी के फर्जी दस्तावेज तैयार कराने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आर्य समाज मंदिर में शादी के फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राई थाना पुलिस को नई दिल्ली की विकासपुरी निवासी चंचल गुलाटी ने बताया कि उसकी शादी राजीव गुलाटी के साथ वर्ष 1990 में हुई। उनके पास दो बालिग बच्चे हैं। शादी के बाद से वह अपने सास-ससुर व पति के साथ रहती थी। उनके पति की फर्म के नाम राई औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉट है। उनके पति का जनवरी, 2015 में निधन हो गया था। जिसकी सूचना उसने एचएसआईआईडीसी राई को फरवरी, 2015 को दी थी। इसी बीच एक महिला ने एचएसआईआईडीसी राई को उनके पति राजीव गुलाटी की पत्नी होने का दावा किया। जिसके बाद जब एचएसआईआईडीसी कार्यालय में पहुंची तो आरोपी महिला ने आर्य समाज मंदिर के शादी के दस्तावेज व उनके पति की फोटो भी लगाई हुई दिखा रखी थी। जब उन्होंने पता लगाया तो जानकारी मिली कि महिला ने उसके पति से आर्य समाज मंदिर में शादी का दावा करते हुए खुद को अविवाहित बता रखा है, जबकि महिला की पहले ही शादी हो चुकी थी। उनके पति को भी अविवाहित दिखाया गया। महिला ने शादी के जिस दस्तावेज पर मकान का पता दिखाया है, वह मकान उस दौरान उनके पास नहीं था। राई थाना पुलिस ने महिला के बयान पर दूसरी महिला व उसके दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।