गोहाना। गांव गंगाना-बुटाना रोड पर अधिवक्ता से मारपीट कर 62 हजार रुपये, मोबाइल व फाइलों से भरा बैग लूट लिया। उनका आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय अधिवक्ता गोहाना कोर्ट से अपना कार्य कर वापस घर जा रहे थे। उनकी शिकायत पर बुटाना चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को पहले हादसे में बाइक सवार के घायल होने की सूचना मिली थी।
गांव गंगाना निवासी पवन ने पुलिस को बताया कि वह गोहाना कोर्ट में अधिवक्ता हैं। वह 11 नवंबर की शाम करीब सात बजे को कोर्ट परिसर से अपना काम निपटाकर बाइक पर वापस अपने घर गांव गंगाना में जा रहे थे। जब वह गंगाना-बुटाना के बीच बने नए पुल के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर तीन युवक सवार होकर आए। इसके बाद आगे चलकर उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। तीनों ने उसे जबरन नीचे उतार लिया। इनमें से एक ने उसे बिट्टे से मारना शुरू कर दिया। मारपीट में उसे कान व सिर में चोटें आई। बाद में उन्होंने उससे बैग छीन लिया। अधिवक्ता पवन के अनुसार बैग में 62 हजार रुपये, एक मोबाइल व फाइलें थीं, जिन्हें आरोपी लेकर भाग गए। इसके बाद परिजन उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में दाखिल कराया गया, वहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। बुटाना चौकी पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले का लेकर पुलिस को पहले हादसे में व्यक्ति के घायल होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने अस्पताल में पहुंचकर बयान लेने का प्रयास किया तो अधिवक्ता की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सक ने बयान देने के काबिल नहीं बताया था। अब बयान दर्ज करने पर लूट का पता लगा।