गन्नौर। गांव सांदल कलां में सोमवार शाम दो पक्षों के बीच मारपीट और हवाई फायरिंग हुई। इस घटना में दो युवक घायल हो गए। हमलावरों ने एक कार को भी क्षतिग्रस्त किया और मौके से भाग गए।
आरोप है कि तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर आए 10 से 12 युवकों ने गांव के बस अड्डे पर खड़े युवकों पर लाठी-डंडों से हमला किया। हमलावरों ने वहां खड़ी कारों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए वे मौके से फरार हो गए। घायलों में सागर उर्फ सन्नी और प्रवीण शामिल हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार विवाद की वजह फाइनेंस के काम के लिए पुराना झगड़ा बताया जा रहा है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
गोली चलने की सूचना मिलते ही एसीपी नरेश अहलावत, बड़ी थाना प्रभारी जयभगवान और क्राइम यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना पुलिस के जांच अधिकारी जयभगवान ने बताया कि गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके से क्षतिग्रस्त कार और गोली के खोल भी बरामद हुए हैं। घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।