राई। गांव धतूरी में घर के बाहर हवाई फायर करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जमीन के विवाद में ही हवाई फायर कराने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि हमलावर चेहरे पर कपड़ा बांधकर आए थे। पुलिस ने मामले में हवाई फायर करने, षड्यंत्र रचने व अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव धतूरी के रहने वाले शौकीन ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह 8 अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे अपने घर पर थे। इसी दौरान गली में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बाहर आकर देखा तो नकाबपोश युवक बाहर गली में घूमते दिखाई दिए। वे पिस्तौल लहरा रहे थे। उन्होंने घर के सामने शटर पर एक फायर किया। आकाश की तरफ भी फायर किए। गली में खोल व कारतूस पड़े मिले। शौकीन ने आरोप लगाया कि हमला गोहाना के भूला, उसके दामाद बबूल उर्फ नवाब, अलीशेर, बबूल के भतीजे और गुलाब ने कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
शौकीन ने पुलिस को बताया कि जमीन के विवाद में उसके बेटे साहिल को 15 मार्च की रात को दो गोली मारी गई थी। जिसमें उसके दुकानदार बेटे साहिल की कमर व बाजू में गोली लगी थी। पुलिस मामले में दो आरोपियों को काबू कर चुकी है। अब उसी जमीन के विवाद में फायर किए गए हैं।