क्लर्क से ट्रांसफर को लेकर FCI मैनेजर ने 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर एंटी करपशन ब्यूरो ने मैनेजर को रंगे हाथों गिरफ्ता किया है। डिटेल में पढ़ें खबर...
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) सोनीपत की टीम ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) गोहाना कार्यालय में तैनात मैनेजर को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मैनेजर ने अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) से तबादला करने की एवज में रुपये की मांग की थी।
विज्ञापन
रंगे हाथों पकड़ा आरोपी
एफसीआई में कार्यरत क्लर्क विपिन चहल ने एसीबी को शिकायत दी थी कि वह बरोदा में एफसीआई गोदाम में तैनात है और उनका गोहाना एफसीआई कार्यालय तबादला होना था। इसके बदले में मैनेजर धर्मेंद्र सिंह कटारिया उनसे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत पर एसीबी सोनीपत की टीम का गठन किया गया। जिसमें इंस्पेक्टर सचिव कुमार व जगजीत सिंह को शामिल किया गया। आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने को टीम ने गोहाना कार्यालय के आसपास निगरानी बढ़ा दी। जब आरोपी मैनेजर ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली तो एसीबी टीम ने उसे मौके पर रंगे हाथों पकड़ लिया।