फोटो :: सोनीपत के गांव नाहरी के पास स्थित गणेश वाटर पार्क। स्रोत पाठक
सोनीपत। गांव नाहरी स्थित वाटर पार्क में स्लाइड से गिरकर दिल्ली के युवक की मौत मामले में परिजनों ने लापरवाही की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि वाटर पार्क में सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी थे। इसी के चलते युवक की मौत हो गई।
दिल्ली के जहांगीरपुरी स्थिति जी-ब्लाक निवासी शेख फैज अली ने कुंडली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनका छोटा भाई शेख फिरोज अली (36) कबाड़ का काम करते थे। वह विवाहित थे और उनके तीन बच्चे हैं। 21 जून को फिरोज अपने पांच दोस्तों के साथ गांव नाहरी स्थित गणेश वाटर पार्क में घूमने और नहाने के लिए आए थे।
सभी ने प्रवेश शुल्क जमा कराया था। आरोप है कि वाटर पार्क संचालक गांव नाहरी निवासी दलेल ने उन्हें आश्वस्त किया था कि पार्क में सभी सुरक्षा इंतजाम मौजूद हैं और गतिविधियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। फैज अली का ने बताया कि घटना के दिन फिरोज और उनके साथी वाटर पार्क की स्लाइड पर चढ़ रहे थे।
इसी दौरान फिरोज का पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे फर्श पर गिर पड़े थे। परिजनों का आरोप है कि जहां हादसा हुआ वहां सुरक्षा के लिए कोई सेफ्टी नेट नहीं लगाया गया था। साथ ही स्लाइड संचालन के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण और निगरानी व्यवस्था भी मौजूद नहीं थी। न हेलमेट, न सेफ्टी नेट और न ही प्रशिक्षित गार्ड था।
फिरोज को उपचार के लिए दिल्ली के नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां से एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनके भाई की मौत हो गई थी। अब उन्होंने वाटर पार्क में आकर देखा तो यहां पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध नहीं थे। संबंधित स्थान पर निगरानी के लिए कैमरे तक नहीं लगे थे।
उनका कहना है कि यदि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती तो फिरोज की जान बच सकती थी। पुलिस ने दलेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाटर पार्क में सुरक्षा मानकों, संचालन संबंधी अनुमति और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।