फाेटो : सोनीपत के खरखौदा मार्केट कमेटी कार्यालय में बैठक के दौरान अध्यक्ष आनंद दहिया व उपाध्यक्
खरखौदा। रोहतक मार्ग स्थित मार्केट कमेटी के कार्यालय में बुधवार को अध्यक्ष आनंद दहिया की अगुवाई में एक बैठक बुलाई गई। इसमें सब्जी मंडी परिसर में चरमराई सफाई व्यवस्था के साथ ही कई मुद्दों पर चर्चा हुई जिसके बाद कई मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष लेकर जाने पर भी सहमति बनी। वहीं, कई मामलों में प्रधान अपनी मजबूरी भी जाहिर करते दिखाई दिए।
बैठक के दौरान सब्जी मंडी में सफाई न होने से हो रही परेशानी को लेकर मुद्दा उठा, बैठक में मौजूद सदस्यों व अधिकारियों से इस पर समाधान पूछा गया। सभी ने अपने-अपने पक्ष रखे, लेकिन बेहतर व्यवस्था करने को लेकर कोई एकमत नहीं हो पाया।
सब्जी मंडी में वर्षों से जर्जर हालत में खड़े शेड हटाने की मांग उठी, बीते समय में कराई गई बोली में 32 लाख और फिर कराई गई बोली में 18 लाख रुपये सरकारी रेट होने पर भी कोई बोलीदाता नहीं आने का अधिकारियों ने हवाला दिया।
इस पर सदस्यों ने कहा कि अगर कोई हादसा हो गया तो लोगों की जान भी जाएगी और मुआवजा ज्यादा देना पड़ेगा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष गुलशन ठेकेदार, दिनेश ठेकेदार, बालकिशन, नरेश पाराशर, सचिव सुरेश खोखर, जेई जितेंद्र सहित अन्य मौजूद रहे।
जाम को खत्म करने पर भी सहमति, कोल्ड स्टोरेज सुविधा नहीं
सब्जी मंडी में गंदगी फैलाने वालों को लेकर चर्चा हुई। इसमें अवैध रूप से फड़ी लगाने वालों पर आरोप लगे। सब्जी मंडी के एक नंबर गेट के आगे रेहड़ी वालों के खड़े होकर फल बेचने से लगने वाले जाम को खत्म करने पर सहमति बनी। आढ़तियों ने कहा कि उन्होंने काफी पहले 35 शपथपत्र देकर सब्जी मंडी को उठाने की मांग की थी। लेकिन हर बार उन्हें जलभराव की समस्या से दो-चार होना पड़ता है। उन्हें कोल्ड स्टोरेज सुविधा भी नहीं मिल रही है जिससे उनकी सब्जियां खराब होती हैं। ऐसे में कई मामलों को लेकर जल्द मुख्यमंत्री से मिलने पर सहमति बनी।