कुंडली बॉर्डर पर धरनारत निहंगों के जत्थे में शामिल 95 वर्षीय निहंग की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। वह कई दिनों से बीमार थे। वह निहंग बाबा बलविंदर सिंह के साथ रह रहे थे और फरवरी से लगातार धरने में शामिल थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पंजाब के जिला गुरदासपुर के गांव मुरीदके निवासी सोहन सिंह (95) फरवरी से निहंगों के जत्थे से जुड़कर किसान आंदोलन में शामिल थे। वह 3-4 दिन से बीमार थे। शुक्रवार सुबह जब साथी निहंग उन्हें जगाने गए तो वह नहीं उठे। उनके शरीर में कोई हलचल नहीं देखकर चिकित्सक को बुलाया गया। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना कुंडली थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ आए किसानों ने बताया कि सोहन सिंह सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। वह अविवाहित थे।