सोनीपत। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से नेशनल हाईवे (एनएच)-352ए का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। हाईवे का निर्माण होने से मुरथल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से जींद का सीधा जुड़ाव हो जाएगा। हाईवे का निर्माण दो हिस्से में किया जा रहा है। सोनीपत के मुरथल से गोहाना तक बनने वाले हिस्से पर 799 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस पर दो फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो चुका है और तीन पर काम चल रहा है। दो फ्लाईओवर ट्रायल के लिए चालू कर दिए हैं। इससे वाहन चालकों को राहत मिली है। मार्च तक इस हिस्से का निर्माण कर लिया जाएगा। एनएच-352ए को निर्माणाधीन दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे और गांव बड़वासनी के पास एनएच-334पी से भी जोड़ा जाएगा।
एनएचएआई की ओर से एनएच-352ए का निर्माण करवाया जा रहा है। सोनीपत से जींद तक यह करीब 80 किलोमीटर लंबा हाईवे बनाया जा रहा है। हाईवे को निर्माण के लिए दो भागों में बांटा गया है। एक हिस्सा सोनीपत से गोहाना और दूसरा गोहाना से जींद तक है। दोनों ही हिस्सों का निर्माण कार्य अलग-अलग एजेंसियां कर रही हैं। सोनीपत से गोहाना के बीच गांवों के पास बाईपास बनाए गए हैं। हाईवे का निर्माण 85 फीसदी पूरा कर लिया गया है।
-
50 मिनट में मुरथल से जींद का पूरा होगा सफर
एनएच-352ए का निर्माण होने से सोनीपत से जींद तक करीब 80 किलोमीटर की दूरी महज 50 मिनट में तय हो सकेगी। अब तक वाहन चालकों को जींद जाने में डेढ़ से पौने दो घंटे का समय लग रहा है। जींद का सीधा कनेक्शन एनएच-44 और एनएच-334पी से हो जाएगा। इससे वाहन चालकों के लिए दिल्ली आना-जाना काफी आसान हो जाएगा।
-
ईशापुर खेड़ी के पास दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे जोड़ा जाएगा
एनएच-352ए को गांव ईशापुर खेड़ी के पास निर्माणाधीन दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। एक्सप्रेस-वे से जुड़ने के बाद वाहन चालक अमृतसर होते हुए कटरा आ-जा सकेंगे। गोहाना व जींद क्षेत्र के वाहन चालक जिन्हें दिल्ली, रोहतक, पंजाब के लुधियाना, अमृतसर व अन्य शहरों में जाना होता है, उनके लिए रास्ता सुगम हो जाएगा।
एनएच-334पी से होगा जुड़ाव
एनएच-352ए को बड़वासनी के पास पश्चिमी यमुना नहर के समानांतर बनाए जा रहे एनएच-334पी से जोड़ा जाएगा। इसके बनने से जींद से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए मार्ग सुगम होगा।
-
वर्जन
एनएच-352ए का निर्माण तेजी से हो रहा है। मार्च तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। इस राजमार्ग को निर्माणाधीन दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे व एनएच-334पी के साथ जोड़ा जाएगा। -गजेंद्र सिंह, डीजीएम, एनएचएआई।