बारिश के कारण दिल्ली सदर बाजार के पास पैनल में तकनीकी खराबी आ गई। जिसकी वजह से दिल्ली की तरफ जाने वाली छह एक्सप्रेस व एक पैसेंजर ट्रेन रद्द हो गई। इस कारण दिल्ली जाने वाले रेलयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह दिल्ली सदर बाजार के पास बारिश के कारण पानी रेलवे लाइन पर आ गया। ऐसे में पैनल में तकनीकी खराबी आने के लिए कई घंटे तक अंबाला-दिल्ली ट्रैक बाधित रहा। इस दौरान दिल्ली की तरफ जाने वाले सात एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनें रद्द करनी पड़ी। वहीं, उत्तर संपर्क क्रंाति एक्सप्रेस को सोनीपत रेलवे जंक्शन पर एक घंटे तक रोकना पड़ा। मूरी एक्सप्रेस को भी आधे घंटे तक रोककर चलाया गया। तकनीकी खराबी की वजह से दिल्ली की तरफ जाने वाली झेलम एक्सप्रेस (01078), सुपर एक्सप्रेस (04666), पश्चिम एक्सप्रेस (02926), कुरुक्षेत्र-दिल्ली जंक्शन पैसेंजर (04452), मालवा एक्सप्रेस (02920), दादर एक्सप्रेस (01058) के अलावा शान-ए पंजाब एक्सप्रेस (04068) को रद्द करना पड़ा। ऐसे में दिल्ली की ओर जाने के लिए यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन की वजह से जम्मू मेल (04033) को भी रद्द करना पड़ा। ऐसे में कटरा, पंजाब व जम्मू जाने वाले लोगों को परेशानी हुई।
दिल्ली सदर बाजार स्टेशन के पास बारिश के कारण पैनल में खराबी हो गई। ऐसे में दिल्ली की तरफ आने वाले ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। वहीं पंजाब की ओर जाने वाली जम्मू मेल को किसान आंदोलन के चलते रद्द करना पड़ा। - दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे