दुष्यंत चौटाला अच्छे नेता, उनका सम्मान करता हूं, उनका प्रस्ताव आने पर करेंगे विचार: केजरीवाल
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। चौटाला परिवार में विवाद के कारण इनेलो टूटने के बाद प्रदेश में राजनीतिक गठजोड़ की कवायद शुरू हो गई है। जहां एक दिन पहले ही दिग्विजय चौटाला ने दिल्ली के सीएम की तारीफों के पुल बांधे तो अगले ही दिन अरविंद केजरीवाल ने उनके भाई व सांसद दुष्यंत चौटाला की खुलकर तारीफ की। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दुष्यंत चौटाला एक अच्छे नेता हैं और वह उनका सम्मान करते हैं। वह रैली में आने का प्रस्ताव देते हैं तो उसपर विचार जरूर किया जाएगा।
इनेलो टूटने के बाद अजय चौटाला अलग पार्टी बनाने की घोषणा कर चुके हैं और उसकी घोषणा जींद में 9 दिसंबर को होने वाली रैली में करने की बात कही गई है। जिसके बाद से अजय चौटाला की बनने वाली उस पार्टी का आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन होने के कयास शुरू हो गए थे। जिसके बाद यह कयास उस समय बढ़ गए, जब अजय चौटाला के बेटे दिग्विजय चौटाला ने आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की तारीफों के पुल बांधे। वहीं सीएम अरविंद केजरीवाल भी पीछे रहते नहीं दिखे। बुधवार को थाना कलां गांव में शहीद के परिवार को एक करोड़ का चेक देने पहुंचे केजरीवाल ने अजय चौटाला व सांसद दुष्यंत चौटाला की जींद रैली में शामिल होने की बात पर कहा कि दिग्विजय चौटाला साफ छवि के एक अच्छे नेता हैं और वह उनका बहुत सम्मान करते हैं। जहां तक रैली में शामिल होने की बात है तो उसका प्रस्ताव उनके पास आता है तो उसपर आम आदमी पार्टी विचार जरूर करेगी। उस नई बनने वाली पार्टी से गठबंधन की बात पर भी सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दुष्यंत की ओर से प्रस्ताव आता है तो उसके बाद विचार किया जाएगा। इस तरह से सीएम अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा में अजय चौटाला की नई बनने वाली पार्टी व आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन होने के लगाए जा रहे कयास की सरगर्मी को ओर बढ़ा दिया है।