कार और ऑटो में हुई जोरदार टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
जींद-गोहाना मार्ग पर गांव बुटाना के पास ऑटो व कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई और कार व ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहगीरों व पुलिस ने घायलों को वाहनों से निकालकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
गांव राणा खेड़ी निवासी अशोक ऑटो में फेरी लगाकर सब्जी बेचने का काम करता था। वह गेहूं व बाजरा के बदले भी ग्रामीणों को सब्जी देता थे। सोमवार को वह ऑटो में गेहूं व बाजरा भरकर गोहाना के लिए चला था। ऑटो में उसके साथ पत्नी अमृता और उनके गांव का मोती भी सवार था।
जब वह गांव बुटाना से थोड़ा आगे पहुंचे तो गोहाना की तरफ से आई कार की सीधी टक्कर ऑटो से हो गई। इस हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क के किनारे गड्ढों में उतर गए और क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में अशोक की मौके पर मौत हो गई। कार में सवार चार युवक और ऑटो में सवार अमृता व मोती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर बरोदा थाना की बुटाना चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों और पुलिस ने घायलों को वाहनों से निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। कार सवार युवक गांव भंभेवा निवासी प्रिंस, अंकित, अक्षय और गांव सिवानामाल निवासी मोहित हैं। चारों युवकों, अमृता व मोती को प्राथमिक उपचार के बाद भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें: Panipat: गांजे की खेप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दिल्ली से पकड़ी महिला, उड़ीसा से आया था नशे का सामान