शहर के सेक्टर-12 में रहने वाले युवक को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6.14 लाख ठगने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने युवक को एक नामी कंपनी में मैनेजर के पद पर नियुक्ति दिलवाने का झांसा दिया था। उसका ऑनलाइन इंटरव्यू भी लिया गया। बाद में अलग-अलग चार्ज के नाम पर पैसे ठगे। नकदी लेने के बाद आरोपियों ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। तब पीड़ित को ठगी का पता लगा और उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-12 निवासी गीत कुनाल ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसने एक वेबसाइट पर नौकरी के लिए बायोडाटा डाला था। इसके बाद मार्च में उनके पास एक नंबर से फोन आया था। दूसरी तरफ से बोल रहे युवक ने खुद का परिचय प्रोफाइल कंसलटेंट अजय कुमार के रूप में दिया था। उसने एक प्रतिष्ठित कंपनी में सीनियर मैनेजर के पद पर नियुक्ति की बात कही थी। इसके लिए आरोपी ने इंटरव्यू भी लिया। इसके बाद विभिन्न चार्ज के रूप में उससे 6.14 लाख रुपये ठग लिए। बाद में आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। इस पर उसे शक हुआ। उसने मामले के लिए जानकारी जुटानी चाही, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इस दौरान वह पुलिस के पास भी गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसपी को शिकायत दी तो वीरवार को सेक्टर-27 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
युवक ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। वहां से शिकायत जांच के लिए आई है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-27