सोनीपत। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा हैं। वहीं अस्पतालों में बुखार के मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। जिले में मंगलवार को 29 नए मरीज मिले हैं, इसके साथ ही डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 192 तक पहुंच गया है। वहीं लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामले को लेकर मंगलवार को सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य अधिकारियों की मासिक बैठक बुलाई। जिसमें सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने अधिकारियों को सीएचसी व पीएचसी में भी फ्लू ओपीडी की तर्ज पर मरीजों का इलाज करने और सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पर डेंगू वार्ड बनाने के निर्देश दिए।
जिले का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, जहां से डेंगू के मरीज सामने नहीं आ रहे। जिस रफ्तार से जिले में डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं, उसे देख स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है। जिला अस्पताल में रोजाना बुखार के 800 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। जिले में मंगलवार को डेंगू के 29 नए मरीज सामने आए हैं। इससे पहले सोमवार को 26 मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई थी। सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने कहा कि सभी अधिकारी अपने स्तर पर टीमें गठित करते डेंगू नियंत्रण करने के लिए आवश्यक योजना तैयार कर धरातल पर लागू करें। गांवों व शहरी क्षेत्र में टीमें भेजकर बुखार के मरीजों की रक्त सैंपल जरूर लें।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि जिले में अभी तक 85 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। 33 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। ऐसे में सभी स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारियों व आशा वर्कर्स को डोर-टू-डोर भेजकर वंचित लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें।