गोहाना। बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में इलाज के दौरान गोहाना की वाल्मीकि बस्ती निवासी एक किशोरी की मौत हो गई। इस पर किशोरी के परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगा अस्पताल परिसर में हंगामा किया। वहीं, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया है।
शहर की वाल्मीकि बस्ती निवासी संजय ने बताया कि उसकी बेटी तमशा (13) आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी रविवार को उल्टी होने के बाद तबीयत बिगड़ गई। वह उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले गए। वहां मंगलवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। संजय ने आरोप लगाया कि अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही से उसकी बेटी की मौत हुई है। इस पर परिजनों ने तमशा के शव का पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया।
वर्जन-
अस्पताल में किशोरी के इलाज के दौरान मौत का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो परिजन मेरे कार्यालय में शिकायत दें, इसकी जांच कराई जाएगी। अगर किसी की लापरवाही है तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा परिजनों को किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराना चाहिए था, उससे मौत के कारणों का भी पता चल जाता।
- डॉ. राजीव महेंद्रु, निदेशक, बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज।