सोनीपत। कोरोना संक्रमण की रफ्तार दोबारा बढ़ऩे लगी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में शनिवार को 13 लोग संक्रमित मिले हैं। इससे पहले शुक्रवार को 20 लोग संक्रमित मिले थे। साथ ही तीन मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 58 हो गई है। सभी मरीजों को होम आईसोलेट कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण फैलने के बावजूद बाजार से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भीड़ जुट रही है। भीड़ में लोग कोरोना नियमों का पालन नहीं कर रहे। अगर भविष्य में यही हालात रहे तो कोरोना के केस बढ़ने की आशंका है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को 315 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें 220 आरटी पीसीआर और 95 रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रेपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट शनिवार को प्राप्त हो गई। इसमें से तीन व्यक्ति संक्रमित मिले। वहीं आरटी पीसीआर की पुरानी 256 रिपोर्ट में से 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इससे संक्रमण दर शनिवार को 3.91 फीसदी रही। संक्रमित सभी मरीज होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। संवाद