अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के हिंदू कॉलेज में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय व डीन स्टूडेंट वेलफेयर के तत्वाधान में रविवार को युवा उत्सव का रंगारंग शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय युवा उत्सव में विभिन्न जिलों के 20 कॉलेजों के 600 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ महाभारत में दुर्योधन का किरदार निभाने वाले कलाकार पुनीत इस्सर ने किया। साथ ही सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
रविवार को क्षेत्रीय युवा उत्सव के पहले दिन विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रविवार को हुई तमाम स्पर्धाओं के परिणाम को ज्यूरी मेंबर की देखरेख में सीलबंद डिब्बे में डाल दिया गया है। हालांकि कॉलेजों की टीम को कोड नंबर के अनुसार जीत व हार का आभास हो गया है। इस दौरानं हिंदू संस्था के अध्यक्ष पवन गुप्ता और पूर्व प्राचार्य डॉ. एसएस गोयल के साथ ही प्राचार्य डॉ. बीके गर्ग ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उत्सव का शुभारंभ कर सिने कलाकार पुनीत इस्सर ने महाभारत की काव्य रचना का संवाद कहकर अलग ही माहौल बना दिया। समूह नृत्य, समूह गीत, हरियाणवी नाटक इत्यादि 40 से अधिक स्पर्धाएं आयोजित की गई। इसके लिए छह मंच बनाए गए हैं। उत्सव में छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई प्रस्तुति पर युवाओं ने तालियों की गडग़ड़ाहट से उत्साह भरने का काम किया।
हरियाणवी गीतों से होगा समारोह का समापन
युवा उत्सव का समापन 30 अक्तूबर को होगा। इसमें विख्यात हरियाणवी गायक व कलाकार रामकेश जीवनपुर वाले मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान प्राचीन हरियाणवी गीतों से लेकर आज के जमाने में युवाओं की दिलों पर राज करने वाले गाने मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं फाइनल राउंड में धमाल मचाकर उत्सव के विजेता बने प्रतिभागियों को इसी दिन पुरस्कृत किया जाएगा। समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि सांसद रमेश कौशिक होंगे।
प्रतिभागियों को रजिस्टे्रशन कराने के लिए माइक पर होती रही उद्घोषणा
रविवार को शुरु हुए युवा उत्सव में पहले दिन दोपहर तक कई टीमों ने अपना रजिस्ट्रेशन तक नहीं कराया था। जिसके चलते विभिन्न स्टेजों पर प्रतिभागियों को पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए उद्घोषणा होती रही।