अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। गांव बजाना खुर्द में पंचायती जमीन को कब्जामुक्त करवाने पहुंचे प्रशासन का ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके चलते प्रशासन को बैरंग ही वापस लौटना पड़ा। पंचायती जमीन पर डी प्लान स्कीम के तहत पार्क का निर्माण होना है। उक्त जमीन पर कुछ ग्रामीण कुरड़ी व बिटौड़े लगाकर कर कब्जा कर रखा है। जमीन को कब्जामुक्त करवाने के लिए रविवार को कार्यकारी समाज शिक्षा व पंचायत अधिकारी जयभगवान पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। प्रशासन व पुलिस की टीम देखते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। हंगामा ज्यादा होने पर ओर पुलिस बल मंगवाया गया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। जिसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी बिना कब्जा लिए ही वापस लौट गए।
वहीं सरपंच निर्मला ने बताया कि पार्क बनाने के लिए जमीन को कब्जामुक्त करवाने के लिए सीएम विंडो पर शिकायत की गई थी। जमीन कब्जामुक्त करवाने के लिए पंचायत तैयार है, लेकिन पंचायत विभाग के अधिकारी गंभीर नहीं है। पार्क के निर्माण की सारी सामग्री खरीद रखी है। कब्जा मिलते ही जल्द पार्क का निर्माण करा दिया जाएगा।