गोहाना। खानपुर रोड पर गांव गामड़ी के पास स्थित एक कंपनी में प्लांट के टैंकर में 100 लीटर डीजल कम मिला। एचआर अधिकारी ने टैंकर की जांच की तो इसका पता लग सका। अधिकारी ने आरोप लगाया कि कंपनी के सुपरवाइजर ने अपने साथियों संग मिलकर तेल चोरी किया है। इसको लेकर उसने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यूपी के गाजीपुर जिले के गांव सोनाडी निवासी माधव राय ने पुलिस को बताया कि वह गामड़ी स्थित बीजीसीसीपीएल कंपनी के प्लांट में एचआर एडमिन ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। उनकी कंपनी नेशनल हाईवे पर कार्य करती है। माधव राय ने बताया कि उनकी कंपनी का तेल टैंकर से भरकर सोनीपत रोड पर गांव लाठ स्थित पेट्रोल पंप से आता है। इसके बाद टैंकर वाले तेल को वाहनों में प्रयोग किया जाता है। इस तेल के टैंकर को भरकर लाने और वाहनों में डीजल वितरण करने की जिम्मेदारी झारखंड के धनबाद जिले के गांव गोपीनाथ पुर निवासी विश्वनाथ की है, जो स्टोर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। माधव राय के अनुसार 15 सितंबर को टैंकर में डीजल भरवाया गया। इस पर उन्होंने टैंकर में तेल की जांच की तो उसमें 100 लीटर तेल कम पाया गया। आरोप है कि विश्वनाथ ने अन्य साथियों के साथ मिलकर कंपनी को आर्थिक क्षति पहुंचाने का कार्य किया है। पुलिस ने स्टोर सुपरवाइजर विश्वनाथ पर मुकदमा दर्ज करके उसकी जांच शुरू कर दी है।