सिरसा। गांव खारियां में मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र छापौला के नेतृत्व में क्षेत्र के गांव कुस्सर, घोड़ावाली, गिंदड़ा, चक्कां, भून्ना व सादेवाला के किसानों व सरपंचों ने अतिरिक्त उपायुक्त के समक्ष सदेवा नहर के पुनर्निर्माण कार्य में हो रही धांधली की शिकायत रखीं। इस एक्सईएन बोले-कोई कमी नहीं है। इसके बाद एडीसी ने एक्सईएन से कहा कि वे किसानों के साथ जाकर निरीक्षण करंे।
किसानों ने कहा कि घग्गर फ्लडी नहर का पानी उनके गांवों में नहीं पहुंचने की समस्या भी उठाई। जिसके पश्चात एडीसी ने एक्सईएन संदीप को गांव में जाकर किसानों को साथ लेकर समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए गए।
मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र छापौला ने एडीसी को बताया कि सदेवा नहर का पुनर्निर्माण हो रहा है। जिसमें घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। निर्माण कार्य के दौरान नहर का लेवल भी सही नहीं है, जिस कारण चार गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा है। जिस कारण इन गांवों में पेयजल किल्लत हो रही है।
उन्होंने कहा कि नहर के निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का प्रयोग हो रहा है, जिस कारण नहर निर्माण के साथ ही टूट रही है।
किसानों ने कहा कि नहर के मोगे भी नहीं बदले गए हैं। किसानों ने कहा कि इस समस्या को लेकर वो एक्सईएन से भी मिल चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। एडीसी ने तुरंत संबंधित एक्सईएन संदीप को बुलाया और समस्या के बारे में जानकारी ली। एक्सईएन भी एडीसी के सामने लीपापोती करते नजर आए। एक्सईएन ने एडीसी को बताया कि निर्माण कार्य से संबंधित कोई परेशानी है तो निर्माण कार्य की सैंपलिंग कराकर सरकारी लैब से जांच करा देंगे।
उन्होंने नहर के लेवल को सही बताया। जिस पर ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने एडीसी से चलती नहर में पानी का लेवल देखने की बात कही। एडीसी ने एक्सईएन को निर्देश दिए कि आप शिकायत लेकर आए किसानों को साथ लेकर उनकी समस्या का समाधान करें।
वहीं एडीसी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगर आपकी समस्या का समाधान होता है तो ठीक है, नहीं तो आप कभी भी एडीसी ऑफिस कार्यालय में आकर मिल लेना, आपका समाधान कराया जाएगा।
गिंदड़ा के ग्रामीणों ने रखी पेयजल की समस्या
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में निकटवर्ती गांव गिंदड़ा के सरपंच जसवंत घोड़ेला ने एडीसी के समक्ष गांव के जलघर में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं होने की शिकायत रखी। सरपंच ने कहा कि नहर बंद होने वाली है, लेकिन गांव के जलघर की डिग्गियों में सिर्फ चार फीट पानी है। जिससे आने वाले समय में ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ेगा। जिस पर एडीसी ने एक दिन अतिरिक्त नहर में पानी चलाने और पाइप लगाकर डिग्गी में पानी भरने की बात कही। जिस पर ग्रामीणों ने एडीसी से उनकी समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।