सिरसा। रानियां पुलिस थाना में एक महिला ने अपने पति, सास व ससुर पर मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे हिसाब पूछते ही मारपीट करता है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलविंद्र कौर निवासी हारनी कलां ने बताया कि वह गांव में ही सिलाई का काम करती है। उसकी शादी करीब 12 साल पहले कुलदीप सिंह निवासी हारनी कलां के साथ हुई थी। उसका पति कई सालों से उसके साथ मारपीट करता आ रहा है। कई बार पंचायत में राजीनामा भी हो चुका है परंतु उसका ससुराल पक्ष मारपीट से बाज नहीं आता। दो दिन पूर्व उसके पति कुलदीप सिंह ने उसको बालों से पकड़ कर जमीन पर पटक दिया और उसके सिर में मुक्के मारे। इसी दौरान उसका ससुर अतर सिंह व सास गुरमेज कौर भी आ गए। सास गुरमेज ने लाबी की कुंडी लगा दी तथा उसके ससुर अतर सिंह ने उसकी दोनों बाजू पकड़ ली व पति कुलदीप सिंह ने उसके पेट में लाते मारी। उसके बाद सास गुरमेज कौर ने पीठ में लात मारी। यह देख लड़के गुरपाल सिंह व हरविंद्र सिंह ने शोर मचाया तो आस पड़ोस से आए लोगों को देखकर तीनों ने उसे छोड़ दिया तथा धमकी दी की आइंदा पैसों का हिसाब-किताब मांगा तो जान से मार देंगे। कुलविंद्र ने बताया कि वह अपने पति कुलदीप सिंह से पैसों का हिसाब मांगती है परंतु वह मुझे हिसाब-किताब नहीं बताना चाहता। कुलविंद्र ने रानियां पुलिस को दी शिकायत में अपने पति, सास व ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।