गांव भूना के ग्रामीणों ने पेयजल की किल्लत के चलते जलघर को ताला लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकारी थाना प्रभारी गुलजारी लाल ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्होंने पेयजल सप्लाई चलाकर एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जलघर का ताला खुलवाया दिया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीण मोहनलाल, राजेंद्र कुमार, दारा सिंह, नेकीराम, दौलत राम, सुरेश कुमार, सोहनलाल ने बताया कि गांव में कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है और पिछले तीन दिनों से तो बिल्कुल भी पानी की सप्लाई नहीं हुई। ग्रामीण घरों में पीने का पानी खेतों में लगे ट्यूबवेल या नजदीकी गांव से ला रहे थे।
उन्होंने बताया कि गांव के जलघर की मोटर में कुछ दिन पहले कोई खराबी आई थी लेकिन अभी तक इसका कोई समाधान नहीं करवाया गया है। पानी न होने पर कई बार अधिकारियों से भी बातचीत की गई लेकिन अधिकारियों ने भी कोई सुध नहीं ली। अधिकारियों कि अनदेखी के कारण ग्रामीण पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
उनकी समस्या का समाधान न होने के कारण उन्होंने जलघर को ताला जड़ दिया। ताला बंदी की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यकारी थाना प्रभारी गुलजारी लाल ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्होंने पेयजल सप्लाई चलाकर एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जलघर का ताला खुलवाया दिया।