सिरसा। बिना लाइसेंस चल रहे झोलाछाप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गांव अबूबशहर में व्यक्ति को बिना लाइसेंस के लोगों को दवा देने आरोप में काबू किया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव अबूबशहर निवासी कश्मीर चंद के रूप में हुई। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम में एसआई राजेश कुमार, एएसआई जयबीर, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम में डा. हनीदीप जोशी शामिल थे।
ये है पूरा मामला
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम को सूचना मिली थी कि गांव अबूबशहर में कश्मीर चंद नाम के व्यक्ति ने क्लीनिक बनाया हुआ है, जहां वह लोगों को बिना किसी लाइसेंस के बीमारियों की दवाएं भी देता है। सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को साथ लेकर गांव अबूबशहर में डॉ. कश्मीर चंद के क्लीनिक पर कार्रवाई की गई तो पाया कि वह लोगों को बीमारियां पूछकर दवाएं दे रहा था। टीम सदस्यों ने जब उससे लाइसेंस मांगा तो वह कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सका। टीम सदस्यों ने आरोपी को काबू कर उसके क्लीनिक से काफी दवाइयां भी बरामद कर जांच के लिए भेजी है।