सिरसा। गैस एजेंसियां नियमों की धज्जियां उड़ाकर काम कर रही है। नियमों को ताक पर रखकर रिहायशी और भीड़ वाले एरिया में गैस सिलिंडर की सप्लाई की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी इस ओर आंखें मूंदें बैठे हैं। गोदाम तक सिलिंडर लेने के लिए न जाना पड़े इसलिए एजेंसी के बाहर वाहन में सिलिंडर बेचे जाते हैं। लेकिन न दमकल विभाग और न ही अन्य विभाग संज्ञान ले रहे हैं।
गैस सिलिंडर अत्यंत खतरनाक ज्वलनशील की श्रेणी में है। ऐसे में सख्त नियम है कि गैस सिलिंडर की सप्लाई एजेंसियां बाजार या रिहायशी एरिया में नहीं कर सकती। इन नियमों का पालन करवाने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की जिम्मेवारी लगाई गई है। इसके अलावा दमकल विभाग से भी एजेंसी संचालन के लिए एनओसी लेनी पड़ती है। दमकल विभाग मौके का निरीक्षण कर निर्देश जारी करता है। लेकिन इन दिनों नियमों को ताक पर रखकर गैस एजेंसियां काम कर रही है, जिस कारण आगजनी जैसी घटना होने का अंदेशा बना रहता है।
जनता भवन रोड पर खुले में बिक रहे सिलिंडर
शहर के जनता भवन रोड पर गैस एजेंसी संचालित की जा रही है। यहां अनाज मंडी है और भीड़ भाड़ वाला एरिया है। प्रतिदिन मंडी में सीजन में बीस हजार से ज्यादा लोगों का आना-जाना होता है। लेकिन यहां गैस एजेंसी नियमों की अनदेखी कर काम कर रही है। एजेंसी के सामने ग्रीन बेल्ट के साथ फुटपाथ पर सिलिंडर बिक रहे हैं। टेंट लगाकर सिलिंडर की बिक्री होती है। ऐसे में हादसे होने का खतरा बना रहता है।
पॉश एरिया एचएसवीपी सेक्टर के रिहायशी एरिया में चल रही है एजेंसी
बरनाला रोड स्थित एचएसवीपी के सेक्टर 20 का एरिया पॉश इलाका है। सेक्टर में करीब 10 हजार कोठियां है, जिनमें पचास हजार से ज्यादा की आबादी रहतीहै। सेक्टर के शॉपिंग कांपलेक्स में गैस एजेंसी संचालित की जा रही है। लेकिन सिलिंडर बेचने को लेकर नियम स्पष्ट नहीं किए गए हैं। ऐसे में गैस एजेंसी की ओर से कार्यालय के बाहर ही सिलिंडर बेचे जाते हैं। रिहायशी एरिया होने के कारण यहां खतरा बरकरार है।
जांच करवाकर लेंगे एक्शन: खाद्य आपूर्ति नियंत्रक
खूले में और भीड़ वाले इलाके में गैस सिलिंडर की बिक्री नहीं की जा सकती। एजेंसी का कार्यालय संचालित किया जा सकता है। यदि एजेंसी कार्यालय के बाहर खुले में सिलिंडर बेचे जा रहे हैं तो इस पर जांच करवायेंगे और जांच के बाद कार्रवाई भी करेंगे।
- सुरेन्द्र सैनी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, सिरसा