सिरसा। डीएपी खाद दिलवाने के नाम पर गाड़ी चालक से साढ़े 11 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शातिर हंजीरा गांव से डीएपी खाद लेने के लिए सिरसा में गाड़ी किराए पर करके लाया था। इसी दौरान गाड़ी चालक ने भी खाद लेने की बात कहीं तो शातिर ने धोखे से उससे साढ़े 11 हजार रुपये की नकदी ले ली और वहां से फरार हो गया। हालांकि पीड़ित की ओर से अभी पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।
वहीं पीड़ित मामले को लेकर फर्टीलाइजर एसोसिएशन के सदस्यों के पास पहुंचा। पीड़ित कालूराम ने बताया कि वह गांव हंजीरा का रहने वाला है और किराये पर गाड़ी चलाता है। शनिवार दोपहर के समय उसके पास एक ग्राहक आया और उसने अपना नाम रामनिवास जाखड़ और गांव रामपुरा ढिल्लो बताया। उसने डीएपी खाद लेने के लिए किराये पर गाड़ी कर ली। इसी दौरान रास्ते में चालक ने भी डीएपी खाद के आठ कट्टे लेने की बात कही तो शातिर ने उसे खाद दिलवाने का झांसा दे दिया। जिसके बाद वह मंडी में 66 नंबर दुकान पर पहुंचे। वहां जाने के बाद शातिर दुकान के अंदर चला गया। कुछ समय बाद बाहर आकर चालक कालूराम को कहा कि उसने 22 डीएपी खाद के कट्टों की पर्ची कटवा ली है और आधे घंटे में मिल जाएगी। जिसके बाद उसने आठ कट्टों की राशि व दो हजार रुपये उधार सहित कुल साढ़े 11 हजार रुपये की नकदी चालक से ले ली और वहां से चला गया। जिसके बाद काफी समय तक वह वहां इंतजार करता रहा लेकिन खाद नहीं आई तो वह दुुकानदार से मिलने के लिए पहुंचा। दुकानदार ने खाद के न होने और कोई राशि उनके पास न आने की बात कही। तो उसको अपने साथ हुई ठगी की जानकारी दुकानदारों को बताई। वहीं सीड्स फर्टीलाइजर एसोसिएशन प्रशान राधे गांधी ने बताया कि उन्होंने पीड़ित को जेजे कॉलोनी चौकी में पुलिस को शिकायत देने की बात कहीं है। हालांकि पुलिस के पास अभी कोई शिकायत नहीं पहुंची है।