सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के दो छात्र गुटों में मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में यशवीर सिंह निवासी वार्ड 1 गली नं. 2 गांधी नगर नरवाना ने बताया कि वह सीडीएलयू सिरसा में शारीरिक शिक्षा विभाग में अंतिम वर्ष का छात्र है। 27 फरवरी की रात को करीब सवा 12 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर किसान चौक से भूमण शाह चौक से होते हुए सीडीएलयू स्थित हॉस्टल में जा रहा था। जब वह बाबा भूमण शाह चौक पर पहुंचा तो उसकी बाइक रास्ता खराब होने के कारण बंद हो गई। आरोप है कि जब वह अपनी बाइक को स्टार्ट करने लगा तो सीडीएलयू की तरफ से दो बाइक पर तीन-तीन लड़के सवार होकर उसके पास आए। जिनमे एक का नाम दिनेश हुड्डा था उसके हाथ में तलवार थी। उन्होंने आते ही उस पर हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। शोर मचाने पर राहगीर आए तो सभी हमलावर वहां से अपनी बाइक लेकर भाग गए। वहीं मारपीट के बाद घायल युवक को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
वहीं इसी मामले में दिनेश हुड्डा निवासी गांव धोतड़ ने शहर पुलिस थाना में उसके साथ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दी शिकायत में दिनेश हुड्डा ने बताया कि वह फूड साइंस में द्वितीय वर्ष का विद्यार्थी है। 28 फरवरी को विश्वविद्यालय में पेपर था। इसलिए वह तथा उसका दोस्त संदीप बैनीवाल के पास 27 फरवी की रात को विश्वविद्यालय में स्थित हॉस्टल में ठहर गया। रात को करीब सवा बारह बजे दिनेश व संदीप बैनीवाल बाइक पर सवार होकर चाय पीने के लिये बाब भूमण शाह चौक सिरसा के पास पहुंचे। रास्ता खराब होने की वजह से उनकी बाइक बंद हो गई। वहां पर पहले से ही यशवीर गुर्जर निवासी नरवाना खड़ा हुआ था। उससे कुछ दूरी पर निखिल गोदरा, सनी मेहता, खुशबंत, प्रदीप गुर्जर, मोहित गुर्जर, मुकेश गुर्जर, साहिल व एक अन्य युवक खड़े थे। शिकायत में बताया कि बाइक बंद होते ही यशवीर ने अपने साथियों को आवाज लगाई की दिनेश हुड्डा व संदीप बैनीवाल आ गए हैं। यशवीर के हाथ में कापा था और बाकी लड़कों के हाथों में डंडे थे। यशवीर ने अपने हाथ में लिए कापा का वार दिनेश के ऊपर किया। जो कि उसके सिर में बाईं तरफ लगा। यशवीर के साथ आए अन्य युवकों ने भी दिनेश व संदीप के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। दिनेश को घायलावस्था में नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रण सिंह कर रहे हैं।