सिरसा। गर्मी के साथ ही शहर में पेयजल की किल्लत गहराने लगी है। लोग अपनी समस्या लेकर अधिकारियों के पास पहुंचते है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाती। जिसके कारण लोगों को रोड जाम करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। सोमवार को भी तीन माह से पानी की किल्लत से परेशान मेला ग्राउंड वासियों ने बेगू रोड पर जाम लगा दिया। जिसके बाद अधिकारियों ने आधे घंटे में पेयजल सप्लाई देने का आश्वासन दिया। जिस पर करीब 20 मिनट बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया।
शहर के वार्ड 12 स्थित मेला ग्राउंड की गली नंबर 5, 6, 7, 8 में बीते तीन माह से पानी की किल्लत से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई तो कॉलोनीवासी सुबह 10 बजे ही बेगू रोड स्थित शाह सतनाम चौक के पास एकत्र हो गए। महिलाओं ने रोष प्रदर्शन करते हुए रोड के एक तरफ की आवाजाही बंद कर दी। ऐसे में वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर कीर्ति नगर चौकी पुलिसकर्मी पहुंच गए तो उन्होंने अधिकारियों को मामले की सूचना दी। अधिकारियों ने आधे घंटे बाद समस्या का हल करने और पानी की सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिया। लेकिन शाम तक पानी की सप्लाई नहीं हो पाई है।
महिलाएं बोली- सप्लाई नहीं होने से दूर से लाना पड़ता है पानी
रोष प्रदर्शन के दौरान मेला ग्राउंड निवासी इमरती देवी, सावित्री देवी, शकुंतला देवी, मीता देवी, राजबाला, लक्ष्मी नारायण ने बताया कि चार माह से उनकी गलियों में पेयजल की सप्लाई नहीं हो पा रही। खेतों में लगे ट्यूबवेल और मोल पानी के टैंकरों खरीदने पड़ते हैं। जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं महिलाओं ने कहा कि दूर से पानी लाने के लिए बार बार चक्कर कटाने पड़ते है। जिसके कारण पैर दर्द होने से रात को नींद भी नहीं आती। अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी सुनवाई नहीं हो पाती।
हर रोज पानी की किल्लत से परेशान लोग कर रहे रोड जाम
दो दिन पहले भी सूरतगढ़िया चौक पर पांच कॉलोनी वासियों ने जाम लगा दिया था। अधिकारियों का आश्वासन मिलने के बाद कॉलोनी वासियों ने जाम खोल दिया था। लेकिन दो दिन बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। वहीं अब मेला ग्राउंड वासियों ने प्रदर्शन कर रोड जाम किया है।
मेला ग्राउंड में पानी की किल्लत को लेकर रोड जाम कर खड़ी महिलाएं।- फोटो : Sirsa