सिरसा। सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान मलोट रोड फ्लाई ओवर के नीचे मंडी डबवाली क्षेत्र से बाइक सवार दो व्यक्तियों को 25 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय कुमार निवासी फरीद कोटली जिला मुक्तसर व श्याम सुंदर उर्फ पिंटू निवासी अजीत नगर मंडी किलियांवाली जिला मुक्तसर पंजाब के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर तरण तारण से हेरोइन लेकर आते थे और डबवाली क्षेत्र में सप्लाई करते थे। पकड़े गए दोनों आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज हैं।
सीआईए डबवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सीआईए डबवाली पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक रामनिवास के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान मलोट रोड फ्लाई ओवर मंडी डबवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान बाइक पर आ रहे दोनों युवकों ने बाइक वापस मोड़ भागने का प्रयास किया। इस पर दोनों को पीछा कर पकड़ लिया और तलाशी ली तो दोनों के पास से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सीआईए प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उन्हें जेल भेज दिया है।
किराये की गाड़ी कर पंजाब के तरण तारण से लाते थे हेरोइन
पुलिस की पकड़ में आए दोनों आरोपियों पर पहले भी हेरोइन तस्करी के मामले दर्ज हैं। आरोपी अपने अन्य दोस्तों के साथ मिलकर किराये पर गाड़ी करते थे और तरण तारण से हेरोइन लेकर आते थे। लेकिन इस बार दोनों आरोपी अधिक मात्रा में हेरोइन की सप्लाई करते हुए पाए गए हैं। दोनों आरोपियों की ओर से डबवाली और सिरसा के कई क्षेत्रों में हेरोइन की सप्लाई की जानी थी। लेकिन वह पहले ही पुलिस की पकड़ में आ गए।