सिरसा। स्नातक कक्षाओं के दाखिले से पहले उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों से दाखिले संबंधित जानकारी डीएचई के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के आदेश दिए थे। यह जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने का 5 अगस्त अंतिम दिन है। पिछले सत्र के आवेदनों को देखते हुए राजकीय महिला महाविद्यालय ने सीटें बढ़ाने की मांग की है।
कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं के दाखिले 12 अगस्त से शुरू होने जा रहे है। इसके चलते उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजो से स्नातक कक्षाओं की सीटें, विषय कंबीनेशन व फीस आदि की जानकारी मांगी है। कॉलेजों की ओर से जानकारी को पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करने को लेकर 5 अगस्त तक का समय दिया गया है। इसी के साथ कॉलेज को दाखिला प्रक्रिया के दौरान कॉलेज का बैंक अकाउंट, ई-मेल आईडी व अन्य जरूरी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी है। दाखिला प्रक्रिया से पहले उच्चतर शिक्षा विभाग स्नातक कक्षाओं व कॉलेज संबंधित जानकारी एकत्रित कर रहा है। ताकि दाखिला प्रक्रिया के दौरान कोई परेशानी ना हो।
महिला महाविद्यालय ने सीटें बढ़ाने को लेकर लिखा पत्र
स्नातक कक्षाओं के दौरान छात्राओं के सबसे अधिक आवेदन राजकीय महिला महाविद्यालय में आते है। मेरिट लिस्ट में नाम ना आने के कारण छात्राओं को प्राइवेट कॉलेजों में दाखिला लेना पड़ता है। एडमिशन नोडल डॉ. दलजीत सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से बीए की सीटों को बढ़ाने की मांग को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है।
यह दस्तावेज होंगे जरूरी
स्नातक कक्षाओं के लिए 12 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो की स्कैन कापी, हस्ताक्षर की स्कैन कापी, मैट्रिक की मार्कशीट, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, एनसीसी- एनएसएस- खेल प्रमाण पत्र, एससी, बीसी प्रमाण पत्र व गैप वर्ष का शपथ पत्र आदि है तो जरूरत पड़ेगी।
उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा दाखिला प्रक्रिया से संबंधित जानकारी मांगी गई थी। जिससे 5 अगस्त तक पोर्टल पर अपलोड करने का समय दिया गया है।
विवेक गोयल, एडमिशन नोडल, नेशनल कॉलेज सिरसा।