सिरसा। मनोरोग विशेषज्ञ से रंगदारी मांगने के मामले में सीआईए सिरसा और सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी को काबू कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के बाद निशानदेही पर मोबाइल बरामद करने पहुंची टीम के पास से उक्त आरोपी ने भागने का प्रयास किया तो टीम ने हवाई फायर कर उक्त आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सतपाल निवासी रानियां रोड नजदीक बाबा बिहारी की समाधि के रूप में हुई है।
आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उक्त आरोपी का डॉक्टर से पास इलाज चल रहा था। किसी बात को लेकर डॉक्टर और आरोपी में बहस हो गई। जिसके बाद डॉक्टर ने उक्त युवक को क्लीनिक से बाहर निकाल दिया। इस कारण वह डॉक्टर से बदला लेना चाहता था। इसलिए उसने 21 फरवरी को डॉक्टर को फोन कर रंगदारी मांगी थी और अपने आप को नोएडा के नीरज बवाना गैंग का बदमाश बताया था। जिसके बाद डबवाली रोड स्थित विश्वास अस्पताल के संचालक डॉ. अशोक गुप्ता मनोराग विशेषज्ञ ने सिविल लाइन थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और जांच के बाद उक्त आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया।
हिरासत से भागने का किया प्रयास, पुलिस टीम ने किया हवाई फायर
रंगदारी मांगने के आरोपी सतपाल से प्रारंभिक पूछताछ के बाद जब पुलिस उसे अपने साथ मोबाइल की बरामदगी करने के लिए उसके घर पहुंची तो उक्त आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। युवक को काबू करने के लिए पुलिस ने हवाई फायर कर दिया। जिसके बाद उक्त आरोपी को काबू कर लिया गया। हवाई फायर के दौरान आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
डॉक्टर से रंगदारी मांगने मामले में आरोपी को काबू किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने डॉक्टर द्वारा क्लीनिक से बाहर निकलाने का कारण बताया है। जिसके बाद उसने बदला लेने को लेकर रंगदारी के लिए फोन किया था। निशानदेही पर मोबाइल बरामद करने के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया था। जिसके कारण हवाई फायर किया गया, आरोपी को काबू कर लिया गया। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
-प्रदीप कुमार, प्रभारी, सीआईए सिरसा।