संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बेगू रोड स्थित गुरुकुल कॉलोनी में चोरों ने एक मकान में सेंध लगाते हुए पांच लाख के आभूषण व 70 हजार रुपये चुराकर ले गए। वारदात के समय परिवार के सदस्य डेरा सच्चा सौदा में सत्संग सुनने गए हुए थे। जब घर आकर देख तो गेट का ताला टूटा हुआ है। सदर थाना पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुकुल कॉलोनी निवासी मनजीत सिंह खेतीबाड़ी करता है। उसने बताया कि सोमवार को वह सपरिवार डेरा सच्चा सौदा में सत्संग सुनने गया था। घर लौटने पर गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी में से सोने की 2 अंगूठियां, कड़ा, दो झुमके, चांदी के दो जोड़ी पाजेब व 70 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।
जांच अधिकारी नितिन कुमार का कहना है कि मकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए थे। पुलिस जल्द ही वारदात की गुत्थी को सुलझा कर चोरों को गिरफ्त में लेगी।