सिरसा। नागरिक अस्पताल के सामने निजी बस से उतरते समय सड़क पर गिरने से महिला की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। जब महिला बस से उतर रही थी तब चालक ने रेस दे दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव चौटाला निवासी गुड्डी देवी पत्नी रमेश कुमार मंगलवार को एक अन्य महिला के साथ बस में सवार होकर सिरसा बस स्टैंड पहुंची। बस स्टैंड से नागरिक अस्पताल जाने के लिए दोनों ऐलनाबाद जाने वाली एक निजी बस में सवार हो गई। नागरिक अस्पताल के सामने जब गुड्डी देवी बस से नीचे उतने लगी तो बस चालक ने अचानक बस दौड़ा दी। इससेे गुड्डी देवी सिर के बल सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। नागरिक अस्पताल के गेट पर खड़े लोग उसे तुरंत अस्पताल में ले गए। डॉक्टरों ने उसकी जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर जेजे कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम हेतु शव गृह में रखा गया है। प्रत्यक्षदर्शी पवन ने बताया कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। चालक ने एकदम से रेस दे दी, जिससे महिला नीचे गिर गई।