सिरसा। मैन स्विच में शार्ट सर्किट के कारण केबल जलने से नागरिक अस्पताल की करीब दो घंटे तक बिजली बाधित रही। बिजली न होने के कारण उमस और गर्मी से परेशान मरीज कभी अस्पताल के बाहर घूमते हुए नजर आए तो कभी हाथ में ली हुई पर्ची व दुपट्टे से हवा करते हुए दिखाई दिए। वहीं ओपीडी कक्ष में भी गर्मी बढ़ी तो डॉक्टरों को भी मजबूरी में सीट तक छोड़नी पड़ी। वहीं मरीज भवन से बाहर आकर पेड़ व भवन की छाया में बैठे सुस्ताते रहे। बिजली बाधित होने के कारण करीब 1500 मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी।
शुक्रवार को नागरिक अस्पताल के भवन में सप्लाई होने वाली केबल में शार्ट सर्किट होने के कारण सुबह 11 बजे अस्पताल के भवन की बिजली बाधित हो गई। जिसके कारण अस्पताल के पंखे, कूलर, कंप्यूटर और मशीनें बंद हो गई। डॉक्टर काफी समय तक तो मोबाइल के इस्तेमाल से मरीजों की जांच करते रहे। करीब आधा घंटा बीतने के बाद जब गर्मी ज्यादा बढ़ने लगी तो डॉक्टरों को भी मजबूरी में ओपीडी छोड़कर बाहर जाना पड़ा। वहीं अस्पताल में जांच करवाने के लिए बैठे मरीज भी बाहर की तरफ रुख करना शुरू कर गए। हालांकि कई मरीज फिर भी जांच करवाने के लिए कतार में लगे हुए दिखाई दिए। वहीं दूसरी तरफ बिजली कर्मचारियों ने केबल को बदलने का काम शुरू रखा और जल्द से जल्द बिजली सप्लाई शुरू करने का प्रयास करते हुए नजर आए।
गायनी वार्ड में दाखिल महिलाओं और नवजात को उठानी पड़ी परेशानी
गायनी वार्ड में भी अलग से बिजली की सुविधा न होने के कारण मरीजों को इस परेशानी का सामना करना पड़ा। गायनी वार्ड में नवजात और दाखिल महिलाओं को न तो बाहर लाया जा सकता था और न ही उनके लिए कोई अलग से व्यवस्था थी। जिसके कारण उन्हें मजबूरन वहीं अंदर ही बिजली सप्लाई सुचारु होने का इंतजार करना पड़ा। हालांकि कई तीमारदार बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए अस्पताल के अंदर एक जगह से दूसरे जगह पर चक्कर काटते हुए नजर आए।
दो घंटे तक बंद रही सभी जांच की मशीनें
बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, कंप्यूटर और अन्य सभी प्रकार की मशीनें यहां पर बंद रही। जिसके कारण मरीजों को इंतजार कर बिना जांच करवाए वापस भी लौटना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे तक बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद मरीजों ने राहत की सांस ली और डॉक्टरों ने जांच प्रक्रिया शुरू की। हालांकि इस समय तक कई मरीज घरों को लौट चुके थे।
गर्मी अधिक होने व लोड बढ़ने के कारण मेन स्विच जल गया था। जिसके बाद उसे ठीक कर दिया गया है। बिजली बाधित होने के बाद जेनरेटर की व्यवस्था है लेकिन स्विच जलने से उसे भी शुरू नहीं किया जा सका था।
-डॉ. संदीप गुप्ता, एमएस, नागरिक अस्पताल सिरसा।
नागरिक अस्पताल में बिजली गुल होने के कारण अस्पताल में छाया अंधेरा। - फोटो : Sirsa