सिरसा। शहर के भारत नगर क्षेत्र में बंद मकान में घुसकर चोर 50 हजार रुपये और लाखों रुपये कीमत के आभूषण व सामान चोरी कर ले गए। पुलिस को दी शिकायत में मकान मालिक भूपिंद्र सिंह ने बताया कि उसकी बेटी गर्भवती है। 10 दिन से वह अपनी बेटी की डिलीवरी के लिए परिवार सहित जयपुर गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला।
भूपिंद्र ने बताया कि चोर मकान में घुसकर लैपटॉप, विंडो एसी, सोने का गजरा, 4 सोने की कानों की बाली, 24 सोने के बटन, 2 सोने की अंगूठी, 1 सोने की चेन, 6 सोने के कड़े, 12 चांदी के बटन, 2 चांदी के गजरे, एक चांदी का डिनर सेट, 2 चांदी के पानी वाले जग, 6 पानी वाले कलश, शोपीस का सामान और घर में लगे कैमरे आदि भी चोरी कर ले गए।
शाम के समय पड़ोस के लोगों ने जब घर का गेट खुला देखा तो उन्हें फोन कर इस बारे में सूचना दी। सूचना पाकर वह घर पर पहुंचा, अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। सामान संभाला तो उपरोक्त सामान गायब मिला। उसने अपने स्तर पर चोरी का पता लगाने के लिए आस पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।