चोपटा। गांव ढूकड़ा स्थित श्री कृष्णा गोपाल गोशाला के प्रांगण में शुक्रवार को 10वीं व 12वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 44 होनहार छात्र-छात्राओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान गुड़ियाखेड़ा राजकीय स्कूल के प्राचार्य उम्मेद सिंह ढाका ने कहा कि बच्चों की सफलता सिर्फ उनकी नहीं, पूरे गांव की सफलता है।
जब बच्चे आगे बढ़ते हैं तो समाज की प्रगति का रास्ता खुलता है। बच्चों की तरक्की का मतलब है एक ऐसा भविष्य, जहां वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिले, सामाजिक समरसता कायम हो, और नवाचार के नए द्वार खुलें। एक शिक्षित और जागरूक बच्चा कल का जिम्मेदार नागरिक बनता है, जो समाज की समस्याओं का समाधान ढूंढ सकता है और दूसरों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सकता है।
इसलिए, यह आवश्यक है कि हम बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण, सुरक्षित वातावरण और अवसर प्रदान करें, ताकि वे अपने पूरे सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ सकें। जब हर बच्चा अपने सपनों को साकार करने में समर्थ होगा, तभी समाज सच्चे अर्थों में प्रगति की राह पर अग्रसर होगा।
समारोह में गांव और क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, अभिभावक और सम्माननीय अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ढूकड़ा राजकीय स्कूल की प्राचार्या मोना पुरी, डॉ. संदीप मेहरा, डॉ. विजय बेनीवाल, डॉ. कृष्ण बूरा, डॉ. वेदप्रकाश भाटिया व गोशाला प्रधान सुरेश ढाका विशेष तौर पर पहुंचे।
सभी अतिथियों ने बच्चों के परिश्रम और उपलब्धियों की सराहना की और गोशाला के सामाजिक योगदान को मिसाल बताया। उम्मेद सिंह ढाका ने कहा कि गौशाला सिर्फ गो सेवा का केंद्र नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और सामाजिक विकास का प्रेरणा केंद्र बन चुकी है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट किए गए।
इस अवसर पर गोशाला के संरक्षक जगदीश मंडा, उपप्रधान घड़सी राम ढाढेला, कोषाध्यक्ष गोपीराम, सचिव सुल्तान घिंटाला, रामेश्वर सिहाग, ओमप्रकाश कुलरिया, धर्मपाल शर्मा, रामस्वरूप मोयल, मोहरसिंह बिरड़, पवन मोयल संदीप वर्मा आदि मौजूद रहे।