ऐलनाबाद के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आधारशिला रखते भाजपा नेता अमीरचंद मेहता।
ऐलनाबाद। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को 34 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 4 कमरों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा नेता अमीरचंद मेहता रहे। उन्होंने कहा कि जून में पांच और कमरों का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। ऐसे में इस विद्यालय में बच्चों की कक्षाएं लगाने के लिए भवन की कमी नही रहेगी।
पंडित जैलाराम पारीक ने पूरे विधि विधान व मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन करवाया। अमीरचंद मेहता ने कहा कि प्रदेश में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बहुत महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। सरकारी स्कूलों में जहां नए व आधुनिक भवन बनाएं जा रहे हैं। वहीं शिक्षा के स्तर के सुधार के लिए भी हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बच्चों की शिक्षा को जारी रखने के लिए कई प्रकार की योजनाएं भी चलाई गईं है, जिससे सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठा है। अब लोगों का विश्वास भी फिर से लौटने लगा है। इसी विश्वास के कारण इस बार सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार खीचड़ ने कहा कि उनके विद्यालय में बच्चों की संख्या काफी अच्छी है और इस बार का 10वीं और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी बहुत शानदार रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से विद्यालय की छात्राओं के लिए खेल मैदान उपलब्ध करवाने की मांग की ताकि प्रतिभावान छात्राओं को इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर कनिष्ठ अभियंता विनोद कस्वा, डीआर कंस्ट्रक्शन कंपनी के सचिन कुमार, विद्यालय के प्रवक्ता बलबीर सिहाग, बलराज बराड, रायसाहब, सुरेश शर्मा, गुरमीत सिंह, रायसिंह चोटिया मौजूद रहे।