सिरसा। शहर के पुरानी तहसील रोड के रेलवे फाटक के पास स्थित मिठाई की दुकान की लिफ्ट की चपेट में आने से कारिंदे की मौत हो गई। मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई और कारिंदे के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। मृतक के चचेरे भाई के बयान पर पुलिस ने दुकान मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर लिया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बता दें कि दो वर्ष पहले भी यहां पर लिफ्ट में हादसे के कारण एक कारिंदे की मौत हो चुकी है।
जानकारी अनुसार रेलवे फाटक के पास स्थित गजल स्वीट्स में दूसरी और तीसरी मंजिल से सामान लाने व ले जाने के लिए जुगाड़ कर लिफ्ट बना रखी थी। रविवार सुबह करीब 10 बजे दुकान का 20 वर्षीय कारिंदा मुकेश कुमार निवासी जबड़ा जिला चतरा झारखंड निवासी लिफ्ट में सवार होकर तीसरी मंजिल से घेवर लेने के लिए जा रहा था। एंगल और दीवार में सर और मुंह लगने के कारण उसकी लिफ्ट में ही मौत हो गई। वहीं उसके चचेरे भाई संतोष भुइया ने बताया दुकान में जुगाड़ कर लिफ्ट बनाई गई है। लिफ्ट के चारों ओर कोई सुरक्षा न होने के कारण हादसा हुआ है। वहीं उन्होंने बताया कि इस तरह का मामला दो वर्ष पहले भी हो चुका है, लेकिन संचालकों की ओर से व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया। इसके कारण घटना का शिकार उसका भाई भी हुुआ है।
दो माह पहले ही घर से काम के लिए आया था मुकेश सिरसा
झारखंड निवासी मुकेश कुमार दो माह पहले ही गजल स्वीट्स पर काम करने के लिए आया था। मुकेश की पांच बहने और इकलौता बेटा था। वहीं मृतक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि घटना होने के बाद भी दुकान के संचालकों ने उसकी सुध नहीं ली और दुकान खोलकर काम करते रहे।
समिति के सदस्यों ने की व्यावसायिक भवनों की जांच की मांग
घटना की सूचना मिलने के बाद जय मां सरस्वती सेवा समिति के सदस्य मुन्ना गुप्ता और महेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और सदस्यों ने गजल स्वीट्स पर काम बंद करवा दिया। वहीं उन्होंने मृतक को इंसाफ दिलवाने की मांग की। वहीं उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी व्यावसायिक भवनों की जांच करवाई जानी चाहिए। अन्य कई भवनों में भी जुगाड़ कर काम चलाया जा रहा है। इसके कारण कारिंदों को इस समस्या का सामना करवाना पड़ता है।
मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
स्वीट्स शॉप कारिंदे के साथ घटना होने मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे गए। ओपन लिफ्ट होने के कारण हादसा हुआ है। मृतक के चचेरे भाई की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
-रामनिवास, सिविल लाइन थाना प्रभारी, सिरसा