ऑल हरियाणा पॉवर कारपोरेशन एम्पलॉयस यूनियन के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बारे जानकारी देते हुए चौधरी रणजीत सिंह ने बताया कि यह बैठक लगभग 3 घंटे चली और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। यूनियन द्वारा कुछ मांगें रखी गई, जिन पर सहमति बनी है। कर्मचारी नेताओं को भी तहजीब व मर्यादा नहीं तोड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे बिल्कुल स्पष्टवादी हैं। अब तक तो यूनियन वाले उनसे मिलने कभी आए नहीं। जब उन्होंने समय मांगा तो हमने तुरंत समय दिया और उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि सभी मांगों पर विचार करने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें यूनियन के पदाधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा। स्मार्ट मीटर के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि 10 लाख स्मार्ट मीटर खरीदने के ऑर्डर दे दिए गए हैं। जिसमें से लगभग 9 लाख मीटर आ चुके हैं। सभी राज्यों के लिए केंद्र सरकार की एजेंसी को स्मार्ट मीटर खरीदने का काम सौंपा गया है। शीघ्र ही 20 लाख और स्मार्ट मीटर खरीदने का ऑर्डर दिया जाएगा।
इस वर्ष 70 हजार सोलर ट्यूबवेल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित
चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) के तहत प्रदेश में इस वर्ष 70 हजार सोलर ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य रखा है। किसानों का रुझान इसके प्रति बढ़ रहा है और यह संख्या लक्ष्य से अधिक भी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के मामले में हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर है। उन्होंने कहा कि ढाणियों व डेरों में व्यवहार्यता को देखते हुए बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे। हमारी सरकार ने बिजली प्रबंधन की स्थिति को बेहतर किया है और इसी का परिणाम है कि पिछले 9 वर्षों में हरियाणा में बिजली की दरें नहीं बढ़ाई गई हैं। यह एक बड़ी उपलब्धि है।