संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जन स्वास्थ्य विभाग ने 12 करोड़ रुपये का ट्यूबवेल और मोटरों का बिजली बिल छह माह से भरा नहीं। बिल नहीं भरने पर बुधवार को को दक्षिण हरियाणा बिजली निगम के कर्मचारियों ने अधिकारियों के आदेश पर 6 ट्यूबवेलों के कनेक्शन काट दिए। कनेक्शन कटने से शहर में दो समय की पेयजल सप्लाई नहीं हो पाई। जन प्रतिनिधियों ने जन स्वास्थ्य विभाग मंत्री बनवारी लाल व एसीए वी उमाशंकर को फोन किया। जैसे ही सूचना मंत्री को मिली तो दक्षिण हरियाणा बिजली निगम के अधिकारियों ने बिना देरी किए दोपहर बाद ट्यूबवेल के कनेक्शन जोड़ दिए। बिजली निगम के अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए चार दिनों का समय जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिया है। यदि इस समय में पैसा जमा नहीं होता है तो सभी कनेक्शन काट दिए जाएंगे। दोनों विभागों की आपसी खींचतान के चलते वीरवार को शहर की 20 हजार आबादी को दो समय पेयजल सप्लाई नहीं मिल पाई।
बता दें कि शहरवासियों को पेयजल सप्लाई देने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से 112 के करीब ट्यूबवेलों लगाए गए हैं। नहरी पानी के साथ इनके पानी को मिलाकर पेयजल सप्लाई की जाती है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार बीते छह माह से जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनके बिल अदा नहीं किए गए। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 करोड़ रुपये बिजली निगम को बिल का बकाया है। बिजली निगम की ओर से नोटिस व चेतावनी दिए जाने के बाद भी जन स्वास्थ्य विभाग हरकत में नहीं आया तो बिजली निगम के अधिकारियों ने शहर के वार्ड नंबर 13, 19 और सहित अन्य कई कॉलोनियों के ट्यूबवेलों के कनेक्शन काट दिए। बुधवार शाम को कई घरों में पेयजल की सप्लाई नहीं हुई तो लोगों ने इस संबंध में निवर्तमान पार्षदों को शिकायत देनी शुरू कर दी। इसके बाद वीरवार सुबह के समय भी सप्लाई नहीं आई तो स्थिति बिगड़ गई। लोगों को ट्यूबवेल कनेक्शन कटने की जानकारी मिली।
निवर्तमान पार्षदों ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामला जाना तो बिजली बिल का बजट पास न होने की जानकारी मिली। वार्ड नंबर 19 के निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री हरियाणा प्रधान सचिव को मामले की शिकायत दी है और जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल को ट्वीट भी किया है। इसके बाद बिजली निगम हरकत में आया और दोबारा से सभी कनेक्शन जोड़ दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से ही विभागों को बजट दिया जाता है, लेकिन विभागों की आपस में खींचतान होने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है।
कनेक्शन कटने के बाद ही जारी हो गया बजट, बिजली निगम ने दी चार दिन की मोहलत
जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय की ओर से बजट जारी नहीं किया गया है। जिसके कारण बिजली बिल अदा नहीं हो पाया है। अब मुख्यालय को पत्र लिखा गया है तो मुख्यालय ने बजट जारी कर दिया है। जल्द ही बिजली बिल अदा कर दिया जाएगा। वहीं बिजली निगम अधिकारियों का कहना है कि अगर चार दिन के अंदर जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिल अदा नहीं किया गया तो फिर से सख्ती की जाएगी। हालांकि लोगों की परेशानी को देखते हुए दोबारा से कनेक्शन जोड़ दिए है।
वर्जन -
बिल बकाया होने के कारण बिजली निगम की ओर से कनेक्शन काटे गए हैं। मुख्यालय की ओर से अब बजट जारी कर दिया गया है। जिसका जल्द ही बिल अदा कर दिया जाएगा। बिजली निगम को इस संबंध में जानकारी देकर सभी ट्यूबवेलों के कनेक्शन जोड़ दिए गए हैं। शहर वासियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा ।
- सुरेश कुमार, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग सिरसा।
वर्जन -
बीते पांच छह माह से जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर का बिल अदा नहीं किया गया है। 12 करोड़ रुपये का बिल पेंडिंग हैं। इसके कारण सख्ती की गई थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए दोबारा से कनेक्शन जोड़ दिए गए हैं। सभी ट्यूबवेल और मोटरों का बिल पेंडिंग हैं। चार दिन का समय दिया गया है। अगर फिर भी बिल अदा नहीं हुआ तो फिर से सख्ती की जाएगी।
- आरएस, सभ्रवाल, एसई, बिजली निगम सिरसा।