सिरसा। जिला प्रशासन का दावा है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारा जाएगा। इसके लिए कई बड़े बदलाव भी किए गए। जहां एक ओर भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद किया गया वहीं दूसरी ओर वाहनों की पार्किंग के लिए भी नियम बनाए गए, लेकिन हालात अब भी वही पुराने हैं। बाजारों में जाम की स्थिति है। वाहनों के लिए पार्किंग ना होने से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद और यातायात पुलिस एक-दूसरे पर जिम्मेदारियां डाल रहे हैं। लेकिन सच्चाई ये है कि शहर के बाजार प्रतिदिन 20 हजार वाहनों का बोझ सहन कर रहे हैं।
शहर की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नगर परिषद काम करती है। लेकिन व्यवस्था सुधारने का नाम नहीं ले रही है। शहर के मुख्य बाजारों में सफेद पट्टी लगभग गायब हो गई। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीन साल से हर बैठक में नप को सड़क के दोनों तरफ सफेद पट्टी लगवाने के लिए आग्रह कर रही है। परंतु नगर परिषद की ओर से टेंडर का हवाला देकर फाइल को बंद कर देती है।
ये हैं शहर के हालात
- शहरभर में सड़कों के दोनों तरफ आड़े-तिरछे खड़े देखे जा सकते हैं।
- शहर में डबवाली रोड, बरनाला रोड, हिसार रोड, भादरा बाजार, सांगवान चौक, परशुराम चौक, मोहता मार्केट, सुभाष चौक आदि स्थानों पर वाहनों को निकलना मुश्किल हो जाता है।
- इन स्थानों पर यातायात कर्मी भी मौजूद रहते हैं, परंतु चालक बीच सड़क में ही वाहन को खड़ा कर खरीददारी करने चले जाते हैं।
- जब तक वाहन नहीं हटता तब तक अन्यों की लंबी लाइन लग जाती है।
- प्रशासन की ओर से शहर में पार्किंग को लेकर प्रस्ताव राज्य सरकार को कई बार भेजा जा चुका है, परंतु अभी तक स्वीकृति के अभाव में यह योजना बीच में ही लटक रही है।
1.
डबवाली रोड पर सड़क पर अवैध पार्किंग
शहर में डबवाली रोड पर सांगवान चौक से चतरगढ़ पट्टी फाटक तक सड़क के दोनों तरफ चौपहिया वाहन सड़क के बीच में रोक दिए जाते हैं। इस मार्ग पर निजी अस्पताल व ऑटो मार्केट के कारण वाहनों की लंबी लाइनें देखी जा सकती है। सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण अन्य वाहनों का निकलना दूभर हो जाता है।
2.
भादरा बाजार में पैदल निकलना भी मुश्किल
भादरा बाजार में दुकानों के बाहर लगाए गए फट्टों के कारण पूरा दिन यातायात व्यवस्था बिगड़ी रहती है। सुभाष चौक से काठ मंडी की तरफ जाने वाले मार्ग पर पुलिस बैरिकड लगाकर बड़े वाहनों को नहीं निकलने दिया जाता है। यहां से मोहता मार्केट की तरफ जाने वाली सड़कें भी मिलती है। इन मार्गों पर दोपहिया वाहन निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
3.
आंबेडकर चौक से परशुराम चौक तक बिगड़ी यातायात व्यवस्था
मुख्य बाजार में आंबडेकर चौक से परशुराम चौक तक जाने वाले मार्ग पर दोनों तरफ रेहड़ियों व वाहनों के कारण निकलना दूभर हो गया है। यहां पर यातायात पुलिस ने अनेकों बार अभियान चलाकर रेहड़ियों व वाहनों को हटाया, परंतु कुछ दिनों बाद ही स्थित पहले जैसी हो जाती है। इस मार्ग पर पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रहती है तथा इस मार्ग पर डिवाइडर के बीच बने कट को भी बंद किया हुुआ है, जिस कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
4.
हिसार रोड पर लगता है जाम
बस स्टैंड से हिसार की तरफ जाने वाले मार्ग पर पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इस मार्ग पर पूरा दिन बसों की आवाजाही लगी रहती है। इसके अलावा दुकानों के बाहर चार पहिया व दुपहिया वाहन खड़े रहते हैं। इस मार्ग पर बैंक व होटलों के बाहर भारी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं, जिस कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कत होती है।
योजना : नगर परिषद ने तैयार किया पुराने स्कूल में पार्किंग बनाने का प्रस्ताव
नगर परिषद ने राज्य सरकार को शहर पुलिस थाना के सामने राजकीय विद्यालय के स्थान पर पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भेजा हुआ है। सरकार से अनुमति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर यहां पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस स्थान पर बेसमेंट में पार्किंग व ऊपर कॉमर्शियल दुकानों का निर्माण किया जाएगा। जिसके बाद शहर में बिगड़ी यातायात व्यवस्था से निजात मिलने की संभावना है। पर अभी तक इस मामले में राज्य सरकार से अनुमति मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
शहर पुलिस थाना के सामने राजकीय विद्यालय की जगह पर पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जायेगी।
- संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सिरसा
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रयास जारी है। तीन साल से लगातार नगर परिषद को सड़क के दोनों तरफ सफेद पट्टी लगाने का प्रस्ताव भेज हुआ है, परंतु अभी यह काम पूर्ण नहीं हुआ है। इसके चलते चालक अपने वाहनों को सड़कों पर आड़े-तिरछे खड़ा कर चले जाते हैं। जिससे जाम की स्थिति पैदा होती है।
- बहादुर सिंह, थाना प्रभारी यातायात पुलिस सिरसा
डबवाली रोड पर बिगड़ी यातायात व्यवस्था के कारण लगा जाम।- फोटो : Sirsa