पत्रकार वार्ता को संबोधित करते बजरंग गर्ग।
सिरसा। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा है कि केंद्र सरकार ने हिसार-अग्रोहा-सिरसा तक रेलवे लाइन को जोड़ने की घोषणा बजट में करने के बावजूद भी काम शुरू न होने से जनता में भारी नाराजगी है। वे वीरवार को निजी होटल में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से अनेकों बार हिसार-अग्रोहा-सिरसा तक रेल शुरू करने की घोषणा की जा चुकी है। हकीकत यह है कि अभी तक सिरसा को रेलवे लाइन से जोड़ने का काम शुरू तक नहीं हुआ है। केंद्र सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार तुरंत हिसार से सिरसा तक रेलवे लाइन से जोड़ने का काम शुरू करना चाहिए ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके।
बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम टीला जो महाराजा अग्रसेन का महल था उस टीले की खोदाई का काम चल रहा है। अग्रोहा धाम टीला 125 एकड़ में है, जिसमें महाराजा अग्रसेन की यादें जुड़ी हुई हैं। अग्रोहा महाराजा अग्रसेन की राजधानी थी अग्रोहा टीले की खुदाई में कंकाल, लोहे की सामग्री, मीठी के बर्तन, तांबे का सामान, पत्थर का समान आदि मिला है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को महाराजा अग्रसेन जी की धर्म नगरी अग्रोहा को पर्यटन स्थल बनाना चाहिए, ताकि देश के कौने-कौने से आने वाले व्यक्ति महाराजा अग्रसेन की जीवनी से प्रेरणा लेकर राष्ट्र व जनता की ज्यादा से ज्यादा सेवा में अपना योगदान दे सकें।