संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में इसरो सहित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों से विज्ञान की बारीकियां सीखेंगे। मंगलवार को जिले से 34 विद्यार्थी और 5 शिक्षक भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुए। चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में देश-विदेश के वैज्ञानिक शिरकत करेंगे। विद्यार्थियों व शिक्षकों के दल को जिला शिक्षा अधिकारी ज्ञान सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में वैज्ञानिक पहलुओं को सीखने और समझने के लिए 17 से 20 जनवरी तक सेमिनार का आयोजन फरीदाबाद में किया जा रहा है। महोत्सव में तीन प्रकार के कार्यक्रम होंगे और चार दिन तक चलेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी ज्ञान सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि महोत्सव में विज्ञान से संबंधित जो भी आपके अनुभव होंगे वो वापस आने के बाद दूसरे विद्यार्थियों से साझा करने है। वहां जाकर विज्ञान के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानना है, ताकि विज्ञान के बारीकियों को समझकर आगे चलकर अपने कॅरिअर में इस्तेमाल कर सकें। दल को रवाना करते समय एनएमएमएस के नोडल अधिकारी हरीश चावला, हरियाणा राज्य परिवहन से राजन मेहता और हरियाणा राज्य युवा पुरस्कार विजेता एवं जनकल्याण समिति से गौतम झोरड़ मौजूद रहे।
पहला कार्यक्रम में नौंवी के 500 विद्यार्थी शामिल होंगे
पहले कार्यक्रम का नाम भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसऍफ) चुनौती रखा गया है। इस कार्यक्रम में फरीदाबाद जिले के कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले करीब 500 विद्यार्थी शामिल होंगे। स्मार्ट सिटी के विद्यार्थी इसरो के वैज्ञानिकों से रूबरू होंगे।
फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम विद्यार्थी विज्ञान में आ रहे बदलावों की चर्चा में भाग लेंगे
महोत्सव में आयोजित दूसरे कार्यक्रम का नाम फेस टू फेस विद न्यू फ्रंटियर्स ऑफ एस एंड टी रखा गया है। इसमें फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम के कक्षा 9वीं, 10वीं और 11वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। इस दौरान देश-विदेश के वैज्ञानिक वैश्विक दृष्टिकोण से विज्ञान में आ रहे बदलावों और भविष्य में होने वाले अनुसंधानों पर विद्यार्थियों से चर्चा करेंगें।
छात्र विज्ञान ग्राम मेंं सभी जिलों के विद्यार्थी होंगे शामिल
अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के तीसरे कार्यक्रम का नाम छात्र विज्ञान ग्राम रखा गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 22 जिले हिस्सा लेंगे। प्रत्येक जिले से 35 विद्यार्थी, चार शिक्षक और एक जिला विज्ञान विशेषज्ञ शामिल होंगें। इसमें विद्यार्थियों को ग्रामीण परिवेश में विज्ञान के महत्व के बारे में बताया जाएगा।
वर्जन
जिले के 34 विद्यार्थियों का चयन भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के लिए हुआ है। इसके अलावा चार शिक्षक और जिला विज्ञान विशेषज्ञ शामिल हैं। विद्यार्थियों का दल मंगलवार को रोडवेज की बस में रवाना हुआ है। रहने-सहने की व्यवस्था विभाग की ओर से की जाएगी। - डॉ. मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ सिरसा