जिला की डिंग थाना पुलिस ने बीती बुधवार की रात्रि को गांव मोचीवाली के एक घर में हुई लाखों रुपये की सोने की चोरी की घटना को चंद ही घंटो में सुलझा लिया है। बेटे ने ही पिता के घर से 18 लाख रुपये का सोना चुराकर सुनार व अपने एक दोस्त को बेच दिया था। डिंग थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक रविकांत, उसके दोस्त इंद्रपाल निवासी डिंग मंडी व मोचीवाली निवासी सुनार मोहनलाल को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लाखों रुपये का 393 ग्राम सोना बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया युवक रविकांत नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही उसने अपने पिता घनश्याम के घर से उक्त वारदात को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में घनश्याम की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू की गई थी और जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए घटना को चंद घंटो में सुलझाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपयों का सोना बरामद किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है जो भी इस मामले में संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।