सिरसा/ ऐलनाबाद। जिले में कई क्षेत्रों में हुई बारिश से मौसम ने फिर से करवट ले ली है। बीती वीरवार रात को हुई बारिश से ठंड फिर से बढ़ गई। बारिश के कारण शहर में भी जगह-जगह पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई। वहीं दूसरी तरफ किसानों की फसलों व सब्जियों को इसका काफी लाभ मिला है। सिरसा में बूंदाबांदी, ओटू में पांच और रोड़ी में चार एमएम बारिश हुई।
बारिश होने के बाद बीते चार दिनों से जम रहे पाले से अब किसानों को राहत मिल पाई है। मौसम विशेषज्ञ अनुसार तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। जबकि इसके पश्चात तेज बारिश होने के आसार है। बारिश के बाद शहर में चौक-चौराहों और गलियों में जगह-जगह पर कीचड़ की स्थिति बन गई और कई जगह पर जलभराव भी हो गया। इस कारण वाहन चालकों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाने से कभी धूप तो कभी छांव की स्थिति बनी रही। इस कारण ठंड भी पहले से अधिक हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
ओटू क्षेत्र में सबसे अधिक बारिश की गई दर्ज
क्षेत्र एमएम
सिरसा बूंदाबांदी
ओटू 05
पंजुआना 03
रोड़ी 04
कालांवाली 02
खुईयां मलकाना बूंदाबांदी
गोलेवाला 04
नहराणा बूंदाबांदी
फसलों के लिए संजीवनी साबित हुई बारिश
बीते चार दिनों से लगातार पाला जमने के कारण आलू, मटर सहित अन्य सब्जियों को काफी नुकसान हुआ है। वहीं गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों पर भी इसका प्रभाव देखने को मिला है। मौसम में बदलाव होने के बाद हुई बारिश अब फसलों के लिए संजीवनी साबित हुई है। ऐलनाबाद क्षेत्र के किसान नेता राज कुमार कुकड़ेजा, सुमित सिंह विर्क, जरनैल सिंह बराड़, बूटा सिंह, कर्म सिंह ने बताया कि यह बारिश गेहूं की फसल के लिए संजीवनी साबित हुई है। इससे गेहूं की फसल की बढ़वार व फुटाव में इजाफा होगा।
23 तक बादल छाने व बारिश होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी से 23 जनवरी तक बरसात होने के आसार है। किसानों ने बताया कि जैसे रात को बरसात हुई है, यदि इतनी मात्रा हर आगामी दो दिन और भी बरसात होती है तो यह किसी भी फसल के लिए नुकसानदायक नहीं है बल्कि यह फसल को फायदा देने वाली है।
ऐलनाबाद में छह एमएम हुई बारिश
ऐलनाबाद क्षेत्र में बीती वीरवार रात्रि को 6 एमएम बरसात हुई है। इस बरसात से सरसों, गेहूं और चने की फसल को भरपूर फायदा होगा। पिछले कई दिनों से कोहरा पड़ने की वजह से जो गेहूं की फसल पीली पड़ रही थी वह अब ठीक होगी। ऐलनाबाद क्षेत्र में इस बार करीब 20 हजार एकड़ में सरसों की बिजाई हुई है जबकि 65 हजार एकड़ में गेहूं की बिजाई की गई है।
-रामचंद्र, तकनीकी कृषि अधिकारी, ब्लॉक ऐलनाबाद।
बारिश के बाद बाल भवन रोड पर हुए जलभराव से गुजरते वाहन चालक । संवाद- फोटो : Sirsa