डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा की गाड़ी पर रविवार को किसानों द्वारा किए गए पथराव की घटना के बाद कानून व्यवस्था संभालने में असफल रह चुके एसएचओ सिविल लाइन विक्रम सिंह को भी आईजी ने सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
इस बात की पुष्टि आईजी राकेश आर्य ने की है। इस मामले में कानून व्यवस्था में खामी मिलने पर सोमवार को एसपी भूपेंद्र सिंह के तबादले के आदेश जारी हुए थे। सोमवार को हिसार रेंज के आईजी राकेश आर्य ने सिरसा में आकर पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद ही आईजी ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी। पथराव करने मामले में 100 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज भी हुआ था।
मंगलवार को सिविल लाइन थाना के एसएचओ विक्रम सिंह को आईजी राकेश आर्य की रिपोर्ट के बाद सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि शाम तक सिविल लाइन थाने का कार्यभार संभालने के आदेश जारी नहीं हुए थे। वहीं घटना वाले दिन कानून व्यवस्था संभालने वाले एक डीएसपी के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई हो सकती है। आईजी राकेश आर्य ने अपनी रिपोर्ट बनाकर सरकार के पास भेज दी है।
बता दें कि रविवार को सीडीएलयू में भाजपा कार्यकारिणी की मीटिंग थी, जिसमें शामिल होने के लिए सांसद सुनीता दुग्गल व डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा आए थे। किसानों ने विश्वविद्यालय का तीन ओर से घेराव कर लिया था। मीटिंग के समापन होने के बाद जब डिप्टी स्पीकर का काफिला बाईपास रोड से निकलने लगा तो किसानों ने पथराव कर दिया। जिससे कि डिप्टी स्पीकर की गाड़ी के शीशे टूट गए थे।
सिविल लाइन थाना एसएचओ को सस्पेंड कर दिया गया है। मैंने अपनी रिपोर्ट बनाकर सरकार के पास भेज दी है।
- राकेश आर्य, आईजी, हिसार रेंज।