चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में कार्यक्रम में शिरकत करने आई सांसद सुनीता दुग्गल व डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा के साथ हुए घटनाक्रम बीजेपी की एक सोची समझी साजिश है। किसानों पर दर्ज किए मुकदमों से किसान डरने वाले नहीं है। कृषि कानूनों को रद् करवाने के लिए चाहे उन्हें जान भी देनी पड़े वह पीछे नहीं हटेंगे। दर्ज मुकदमों के संबंधी संयुक्त किसान मोर्चा के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
उक्त बातें हरियाणा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने पक्का मोर्चा पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने बताया कि किसानों ने शांतिपूर्वक तरीके से बीजेपी नेताओं का विरोध किया। किसी किसान ने बीजेपी नेताओं की गाड़ी पर पथराव नहीं किया, ये सब सरकार की सोची समझी साजिश थी, ताकि आंदोलन को कमजोर किया जा सके। संयुक्त मोर्चा का शुरू से आह्वान रहा है कि आंदोलन पूर्णतया शांतिपूर्वक तरीके से होगा और कोई हिंसा नहीं की जाएगी।
भारूखेड़ा ने कहा कि आंदोजन पहले भी होते आए हैं, केस पहले भी दर्ज हुए थे, लेकिन अंत में जीत किसान के संघर्ष की हुई थी। सरकार व उसके नुमाइंदे देशद्रोह के केस दर्ज करवाकर किसानों को डराने का काम कर रहे हैं, लेकिन देश का अन्नदाता अब जागरूक हो चुका है और सरकार के झांसे में नहीं आने वाला। अब तक जितने भी रोष प्रदर्शन हुए हैं और जिनमें पथराव की घटनाएं हुई हैं, वो सब सरकार के इशारे पर की गई थी, जिनका पर्दाफाश हो चुका है। किसानों पर जो मुकदमे बनाए गए हैं, उसको लेकर जल्द वे संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों से मिलेेंगे और आगे की रणनीति बनाएंगे। इस मौके पर सुखदीप बडागुढ़ा प्रधान, लक्खा अलीकां प्रधान, सतपाल सिंह सिरसा, जरनैल सिंह अलीकां, बिकर सिंह अलीकां, जिंदा नानूआना, जस्सा नानूआना, मलकीत भुल्लर, परमिंद्र जीवननगर, बलवंत प्रधान, डॉ. दर्शन फग्गू व आत्मा फग्गू उपस्थित रहे।