सिरसा। शिक्षा निदेशालय ने करीब डेढ़ साल बाद राडट-टू-एजुकेशन के तहत गरीब बच्चों को लिए निजी स्कूलों में नियम 134ए में दाखिले का शेड्यूल जारी किया है। आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलवाने के लिए 24 अक्तूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं बीते दो वर्ष से कोविड के चलते बच्चों को पढ़ाई प्रभावित हुई है, संभव है कि सत्र के बीच में दाखिला दिलवाने को लेकर अभिभावक सहमत नहीं होंगे। जिले में करीब 227 निजी स्कूल दाखिला प्रक्रिया में शामिल होंगे।
आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाने के लिए नियम 134ए के तहत 10 फीसदी सीटों को आरक्षित किया जाता है। इस बार सत्र के बीच में ही 24 अक्तूबर से ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी, जो 7 नवंबर तक जारी रहेगी। 14 नवंबर को पात्र विद्यार्थियों की असेस्मेंट परीक्षा होगी। जिसका परिणाम 19 नवंबर को घोषित किया जाएगा।
सत्र 2021-22 में नियम 134ए के तहत होने वाले दाखिलों में जिले के 227 स्कूल शामिल होंगे। विभाग के आदेश है कि निजी स्कूल कुल सीटों का 10 फीसदी पोर्टल व नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पां करें, ताकि सूचना लेने आने वाले अभिभावकों को कोई परेशानी ना हो।
बच्चों के दाखिले तक पूरा हो चुका होगा पाठ्यक्रम
नियम 134ए के तहत जिन बच्चों के दिसंबर माह तक दाखिले होंगे। जब तक स्कूलों में बच्चों का दाखिला होगा तब तक निजी स्कूलों 80 फीसदी पाठ्यक्रम करवाया जा चुका होगा। ऐसे में प्रश्न यह है कि इन बच्चों की पढ़ाई कब होगी और कैसे। किस तरह बच्चे स्कूल का पाठ्यक्रम कवर करते हुए अन्य बच्चों के साथ मेल कर सकेंगे। समस्या यह भी है कि अगर किन्ही कारणों से तिथियों में परिवर्तन किया गया तो बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाएंगे।
विद्यार्थी फीस भर ले चुके हैं दाखिला
कोविड के चलते सत्र 2021-22 की दाखिला प्रक्रिया जुलाई तक चली। कोविड के चलते आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों ने प्राइवेट स्कूलों को छोड़कर राजकीय स्कूलों में दाखिला ले लिया। 134ए के दाखिले को लेकर जब निदेशालय से कोई आदेश नहीं आया तो अभिभावकों ने प्राइवेट स्कूलों में फीस भर विद्यार्थियों के दाखिले करवा दिए। स्थिति सामान्य होने पर सितंबर माह में पहली से 12वीं कक्षा तक की ऑफलाइन कक्षाएं भी लग रही है और बच्चे स्कूल जा रहे हैं।
ये रहेगा नियम 134ए का शेड्यूल
-9 से 17 अक्तूबर तक निजी स्कूलों को स्कूल रजिस्ट्रेशन पोर्टल व नोटिस बोर्ड पर खाली सीटों की सूची लगानी होगी।
-14 अक्तूबर को ब्लॉक व जिला स्तर पर रिक्त सीटों की सूची जारी करनी होगी।
-18 से 22 अक्तूबर तक निजी स्कूलों द्वारा दर्शाई गई सीटों की वेरिफिकेशन होगी।
-24 अक्तूबर से 7 नवंबर तक ऑनलाइन दाखिला फार्म जमा होंगे।
-11 नवंबर को आवेदन कर चुके विद्यार्थियों की सूची तैयार होगी।
-14 नवंबर को पात्र विद्यार्थियों का असेस्मेंट टेस्ट होगा।
-19 को परिणाम घोषित किया जाएगा।
-24 नवंबर को ड्रॉ के तहत, शिक्षा निदेशालय स्तर पर विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट होंगे।
-26 नवंबर से 8 दिसंबर तक ड्रॉ में शामिल विद्यार्थियों के दाखिले होगे और खाली सीटों पर दूसरा ड्रॉ निकाला जाएगा।
निजी स्कूलों में नियम 134ए के तहत सीटों का ब्योरा दर्ज करवाने को लेकर आदेश जारी कर दिए है। शेड्यूल अनुसार दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी।
-आत्म प्रकाश मेहरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सिरसा।